Maiya Samman Yojana: 51 लाख लाभुकों को जल्द मिलेगी मंईयां सम्मान योजना की रुकी हुई राशि, होली से पहले खातों में आएगी फरवरी की किस्त

2 Min Read

Maiya Samman Yojana

रांची। झारखंड में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लिए राहत भरी खबर है। जिन महिलाओं को शुरुआती किस्तें मिलने के बाद भुगतान रुक गया था, उन्हें दोबारा राशि देने की तैयारी सरकार ने तेज कर दी है। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने सभी जिलों से ऐसे लाभुकों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

राज्यभर से शिकायतें मिल रही थीं कि बड़ी संख्या में योग्य लाभुकों को तीन-चार किस्तों के बाद अचानक भुगतान बंद हो गया। अब दस्तावेजों में मौजूद त्रुटियों को सुधार कर भुगतान फिर से शुरू किया जाएगा।

होली से पहले मिलेगी फरवरी की किस्त

निदेशालय ने निर्देश दिया है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर योग्य महिलाओं को फरवरी माह की राशि होली से पहले उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाए। इस महीने के अंत तक एक माह की किस्त जारी करने की तैयारी है। राज्य में करीब 51 लाख महिलाओं को इस योजना के तहत प्रति माह 2,500 रुपये सीधे बैंक खाते में दिए जाते हैं। पिछले माह 51.02 लाख लाभुकों को राशि ट्रांसफर की गई थी।

भुगतान रुकने के प्रमुख कारण

  • आधार, राशन कार्ड या बैंक पासबुक में त्रुटि
  • नाम, जन्मतिथि, पता या बैंक खाता नंबर में गड़बड़ी
  • बैंक खाते और आधार के रिकॉर्ड में अंतर
  • बैंक खाते का आधार से लिंक न होना
  • दस्तावेजों की अधूरी या गलत जानकारी

विसंगतियों का होगा समाधान

निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि जो महिलाएं योजना की सभी पात्रता शर्तें पूरी करती हैं, लेकिन कागजी त्रुटियों के कारण भुगतान से वंचित हैं, उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जिलों को निर्देश दिया गया है कि वे ऐसे मामलों की पहचान कर जल्द सुधार प्रक्रिया पूरी करें। सरकार की इस पहल से लाखों महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Exit mobile version