Lighthouse housing project Ranchi: लाइट हाउस परियोजना से मिलेगा अपना आशियाना, रांची में 310 आवेदकों को मिलेगा घर

Juli Gupta
2 Min Read

Lighthouse housing project Ranchi:

रांची। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत किफायती आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची में “लाइट हाउस परियोजना” के तहत 310 सुयोग्य आवेदकों को आवास आवंटित किया जाएगा। इसके लिए रांची नगर निगम ने लॉटरी प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम की ओर से गुरुवार को स्वीकृत आवेदकों की सूची जारी कर दी गई है, जिसे निगम कार्यालय के सूचना पट्ट पर और आधिकारिक वेबसाइट www.ranchimunicipal.com पर देखा जा सकता है।

आज जारी हुई आवेदकों की सूची

नगर निगम के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र पाए गए 310 आवेदकों की सूची 22 जनवरी 2026 को सार्वजनिक की गई है। निगम ने सूची में शामिल सभी आवेदकों से अपील की है कि वे 24 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली लॉटरी प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से शामिल हों। लॉटरी में भाग लेने के लिए आवेदकों को पहचान प्रमाण के रूप में वोटर आईडी कार्ड या आधार कार्ड साथ लाना होगा।

24 जनवरी को होगा आवास आवंटन

आवास आवंटन के लिए लॉटरी कार्यक्रम 24 जनवरी 2026 को रांची नगर निगम कार्यालय के 8वें तल्ले पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आवेदकों का रजिस्ट्रेशन सुबह 10 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से लॉटरी की प्रक्रिया शुरू होगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने वाले आवेदकों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।

आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मिलेगा लाभ

लाइट हाउस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) को किफायती, सुरक्षित और आधुनिक आवास उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत बने आवास न केवल किफायती हैं, बल्कि बुनियादी सुविधाओं से भी लैस हैं। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना से सैकड़ों परिवारों का अपने घर का सपना साकार होगा और शहर में नियोजित आवास व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

Share This Article