Budget Session 2026: बजट सत्र से पहले झारखंड पुलिस अलर्ट, संवेदनशील मार्गों पर बढ़ाई गई सुरक्षा

3 Min Read

Budget Session 2026

रांची। 18 फरवरी से 19 मार्च तक प्रस्तावित झारखंड विधानसभा के बजट सत्र को लेकर पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया है। रांची, धनबाद और जमशेदपुर के एसएसपी समेत सभी जिलों के एसपी और रेल पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश आईजी अभियान एस. माइकल राज के निर्देश पर जारी किया गया है।

जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर खास फोकस

पुलिस का कहना है कि बजट सत्र के दौरान मंत्री और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से रांची आएंगे और लौटेंगे। ऐसे में उनके आवागमन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता होगी। पूर्व में उग्रवादी घटनाओं को देखते हुए इस बार किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेने का निर्णय लिया गया है।

सड़क और रेल मार्ग पर सघन निगरानी

सभी जिलों को सड़क और रेल मार्गों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जिन मार्गों से जनप्रतिनिधि गुजरेंगे, वहां रोड ओपनिंग पार्टी (ROP) को सक्रिय रखा जाएगा। जंगल और घाटी वाले इलाकों में विशेष निगरानी के आदेश दिए गए हैं। आसूचना तंत्र को भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने को कहा गया है।

इन मार्गों को माना गया संवेदनशील

पुलिस ने कई सड़कों और इलाकों को संवेदनशील श्रेणी में रखा है, जहां अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। इनमें रांची-बुंडू-तमाड़ (तैमारा घाटी), रांची-हजारीबाग-कोडरमा (चुटूपालू और तिलैया घाटी), हजारीबाग-बगोदर-गिरिडीह, रांची-सिमडेगा-गुमला (कोलेबिरा जंगल), खूंटी-चाईबासा (बंदगांव जंगल) शामिल हैं। इसके अलावा रांची-लातेहार-पलामू, सिमरिया-चतरा के जंगल क्षेत्र, डाल्टनगंज-नेतरहाट, रामगढ़-गोला-बोकारो, बगोदर-सरिया-जमुआं, चान्हों-खलारी-सिमरिया और सरायकेला-खरसावां में भी चौकसी बढ़ाई गई है।

सख्त चेकिंग और नियमित समीक्षा

जिलों को चेकिंग सख्त करने, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल की मांग करने और वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है। आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, हालांकि सुरक्षा जांच के कारण कुछ स्थानों पर आवाजाही में सख्ती देखी जा सकती है। बजट सत्र को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।

Share This Article