Jharkhand IPS officers assets: जानिये, झारखंड के IPS अफसरों के पास कितनी है संपत्ति?

4 Min Read

Jharkhand IPS officers assets

रांची। झारखंड के आइपीएस अफसरों की संपत्ति का खुलासा हुआ है। दरअसल, राज्य के आइपीएस अफसरों ने केंद्र सरकार को अपनी संपत्ति का ब्योरा सौंपा है। झारखंड कैडर में कुल 125 आईपीएस अफसर हैं। इनमें से 117 आईपीएस अधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को अपनी अचल संपत्ति का पूरा ब्यौरा सौंप दिया है। दाखिल रिटर्न के मुताबिक, ज्यादातर अफसरों ने पहले से मौजूद संपत्तियों की जानकारी दी है, जबकि साल 2025 में सिर्फ 10 आईपीएस अधिकारियों ने नई अचल संपत्ति खरीदी है।

2025 में इन अफसरों ने खरीदी संपत्ति

जिन 10 आईपीएस अधिकारियों ने 2025 में जमीन या फ्लैट खरीदे हैं, उनमें अलग-अलग बैच के अधिकारी शामिल हैं। इनमें 1990 बैच से लेकर 2016 बैच तक के अफसर हैं।
इन अफसरों में अनिल पाल्टा, आशीष बत्रा, अजय लिंडा, अश्विनी कुमार सिन्हा, शैलेंद्र वर्णवाल, आनंद प्रकाश, पूज्य प्रकाश, राजकुमार मेहता, सहदेव साव और सौरभ शामिल हैं।

किस अफसर ने कहां और कितनी कीमत की संपत्ति खरीदी

1990 बैच के आईपीएस अधिकारी अनिल पाल्टा ने पश्चिम बंगाल के पूर्वा वर्द्धमान जिले के जमालपुर में 4.50 लाख रुपये की लागत से 198 डिसमिल जमीन खरीदी है।
वहीं, एनआईए में आईजी पद पर तैनात 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी आशीष बत्रा ने पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर में 504 वर्गयार्ड का एक आवासीय प्लॉट खरीदा है। उन्होंने इसकी कीमत करीब 4.33 करोड़ रुपये बताई है।
आईपीएस अजय लिंडा ने रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के डोरियाटोली में 32.43 लाख रुपये की लागत से 14.1 डिसमिल जमीन ली है।

आईपीएस अश्विनी कुमार सिन्हा ने रांची के नगड़ी स्थित सुगदा इलाके में सात लाख रुपये की लागत से जमीन खरीदी है।

फ्लैट और जमीन की भी जानकारी

बोकारो के डीआईजी आनंद प्रकाश ने रांची के अरगोड़ा स्थित अशोक नगर बुद्ध विहार के तेजस्वी अपार्टमेंट में 55 लाख रुपये का फ्लैट खरीदा है।

सीआईडी के एसपी आईपीएस पूज्य प्रकाश ने रांची के पिठोरिया इलाके के सुतियांबे में 34 डिसमिल जमीन खरीदी है, जिसकी कीमत 7.82 लाख रुपये बताई गई है।
जामताड़ा के एसपी राजकुमार मेहता ने 2025 में रांची के सुगदा इलाके में 3.50 लाख रुपये में 11.8 डिसमिल जमीन खरीदी है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के एसपी सहदेव साव ने गिरिडीह के खोरीमहुआ में 3.30 लाख रुपये की लागत से 40 डिसमिल जमीन ली है।
देवघर के एसपी सौरभ ने अपनी दादी के नाम पर वैशाली जिले के मनीहारी में 15 लाख रुपये की जमीन खरीदी है।

पूर्व में खरीदी गई संपत्तियों का भी ब्योरा

रिटर्न में यह भी बताया गया है कि कई आईपीएस अधिकारियों के पास पहले से अचल संपत्ति मौजूद है, जो उन्होंने पिछले वर्षों में खरीदी थी।

इनमें 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रशांत सिंह का नाम भी शामिल है, जिन्होंने साल 2024 में रांची के अशोक नगर इलाके में 2.25 करोड़ रुपये की लागत से 8400 वर्गफीट की आवासीय जमीन खरीदी थी।

इन अफसरों ने नहीं दिया संपत्ति का ब्योरा

अभी भी कुछ आईपीएस अफसरों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को अपनी अचल संपत्ति का विवरण नहीं सौंपा है। इनमें
मनीलाल मंडल (2011 बैच), प्रभात कुमार (2014), सरोजनी लकड़ा (2014), पितांबर सिंह खेरवार (2017), राकेश रंजन (2017), नाजिश उमर अंसारी (2023), शुभम मीणा (2023) और विपिन दुबे (2023) शामिल हैं।
कुल मिलाकर देखा जाए तो झारखंड कैडर के अधिकतर आईपीएस अधिकारियों ने अपनी संपत्ति की जानकारी पारदर्शिता के साथ दी है, जबकि 2025 में नई अचल संपत्ति खरीदने वालों की संख्या काफी सीमित रही।

Share This Article