Shab-e-Barat security alert:
रांची। झारखंड में शब-ए-बारात पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को अलर्ट जारी करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिए हैं। पत्र में राज्य की सांप्रदायिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पर्व के दौरान अतिरिक्त निगरानी और सतर्कता बरतने को कहा गया है।
2 फरवरी को मनाया जाएगा शब-ए-बारात
स्पेशल ब्रांच के अनुसार, इस वर्ष 2 फरवरी को शब-ए-बारात मनाई जाएगी। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोग रात के समय कब्रिस्तानों में अपने पूर्वजों की कब्रों पर फातिहा पढ़ते हैं, अगरबत्ती जलाते हैं और मस्जिदों व मजारों के आसपास इबादत के साथ-साथ आतिशबाजी भी करते हैं। बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
असामाजिक तत्वों से खतरे की आशंका
पत्र में आशंका जताई गई है कि कब्रिस्तान जाने वाले रास्तों, मस्जिदों और आतिशबाजी के दौरान असामाजिक तत्व व्यवधान उत्पन्न कर सकते हैं। ऐसे में पुलिस को निर्देश दिया गया है कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी सुनिश्चित की जाए।
आठ बिंदुओं पर सूचना संकलन के निर्देश
पुलिस अधिकारियों को कब्रिस्तान और मस्जिदों की सूची, संभावित भीड़, संवेदनशील और विवादित स्थानों, पूर्व में हुई घटनाओं (2021–2025), शरारती तत्वों की पहचान, सोशल मीडिया पर नजर, शांति समिति की बैठकों और आपात स्थिति में सहयोग करने वाले गणमान्य लोगों की सूची तैयार करने को कहा गया है।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
स्पेशल ब्रांच ने निर्देश दिया है कि आतिशबाजी के दौरान अग्निशमन और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तैनाती, शराब की दुकानों को बंद रखने और समय पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने के भी आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।












