Jharkhand Budget 2026-27: झारखंड विधानसभा में 1,58,560 करोड़ का ‘अबुआ दिशोम’ बजट पेश, पिछले वर्ष की तुलना में 9% की वृद्धि

2 Min Read

Jharkhand Budget 2026-27

रांची। झारखंड विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,58,560 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 9 प्रतिशत अधिक है। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1,45,400 करोड़ रुपये का मूल बजट प्रस्तुत किया गया था।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में बजट पेश करते हुए इसे जनकल्याण और समावेशी विकास पर केंद्रित बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे का विस्तार करने और सामाजिक क्षेत्र को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। योजना मद में बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है, ताकि चल रही योजनाओं के साथ नई परियोजनाओं को भी गति मिल सके।

गुरुजी को समर्पित बजट

वित्त मंत्री ने अपने भाषण में कहा कि यह बजट उन्होंने अपने ‘गुरुजी’ को समर्पित किया है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “किसी के पैरों पर गिरकर कुछ पाने से बेहतर है अपने पैरों पर चलकर कामयाबी हासिल करना। यह गरीबों के आंसू पोछने वाला बजट है।” बजट का नाम ‘अबुआ दिशोम’ रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि आज ‘दिशोम गुरु’ की कमी खल रही है।

केंद्र पर बकाया राशि का मुद्दा

वित्त मंत्री ने केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कर हिस्सेदारी के लगभग 5,000 करोड़ रुपये और अनुदान के 11,000 करोड़ रुपये अब तक राज्य को नहीं मिले हैं। साथ ही, जी रामजी योजना के कारण राज्य पर प्रति वर्ष लगभग 5,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ बढ़ने की बात भी कही। सरकार का दावा है कि यह बजट राज्य के गरीब, किसानों और कमजोर वर्गों को राहत देने के साथ विकास की रफ्तार को नई मजबूती देगा।

Share This Article