Jharkhand Budget 2026
रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,58,560 करोड़ रुपये का ‘अबुआ दिशोम’ बजट पेश किया। यह उनका लगातार दूसरा बजट है। पिछले वर्ष उन्होंने 1,45,400 करोड़ रुपये का मूल बजट प्रस्तुत किया था, जिसमें 91,741.53 करोड़ रुपये योजना मद के लिए और 17,073.61 करोड़ रुपये केंद्रीय योजनाओं से संबद्ध थे।
सामाजिक क्षेत्र पर विशेष फोकस
वित्त मंत्री ने सदन में कहा कि यह बजट झारखंडवासियों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला है। सरकार ने गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, ऊर्जा और शिक्षा जैसे सामाजिक क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है। बजट में सामाजिक सशक्तिकरण और समावेशी विकास को केंद्र में रखा गया है।
महिलाओं और गरीबों के लिए प्राथमिकता
बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री को उनकी पत्नी ने दही-चीनी खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वित्त सचिव प्रशांत कुमार भी मौजूद थे। वित्त मंत्री की पत्नी ने उम्मीद जताई कि पिछले बजट की तरह इस बार भी महिलाओं के हितों को विशेष महत्व दिया जाएगा। सरकार ने संकेत दिया है कि महिलाओं, गरीबों और कमजोर वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाओं में बढ़ोतरी की जाएगी, ताकि राज्य में सामाजिक सुरक्षा का दायरा और मजबूत हो सके।
समावेशी विकास का दावा
सरकार का कहना है कि यह बजट शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में मदद करेगा। वित्त मंत्री ने भरोसा जताया कि बजट में किए गए प्रावधान सीधे लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाएंगे और राज्य में विकास की रफ्तार को नई दिशा देंगे।







