JAC Class 8 Exam
रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से आयोजित कक्षा आठवीं की बोर्ड प्री परीक्षा की शुरुआत बुधवार से जिले में हो गई। जिले के सभी सरकारी और सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लगभग 26 हजार छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया। पहले दिन 97 प्रतिशत से अधिक छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिसे प्रशासन ने संतोषजनक बताया है।
परीक्षा का औपचारिक शुभारंभ उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने किया
परीक्षा का औपचारिक शुभारंभ उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से किया। उन्होंने प्रश्न पत्र संबंधित ग्रुप में भेजकर परीक्षा प्रक्रिया शुरू कराई। जैक द्वारा तैयार प्रश्न पत्रों के साथ ओएमआर शीट के माध्यम से एमसीक्यू पैटर्न पर परीक्षा आयोजित की जा रही है।
दो पालियों में परीक्षा संपन्न
पहले दिन परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। प्रथम पाली में हिंदी विषय और दूसरी पाली में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा ली गई। दोनों पालियों में छात्रों की उपस्थिति 97 प्रतिशत से अधिक रही। शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा संचालन और व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 29 जनवरी को अंग्रेजी और विज्ञान की परीक्षा होगी, जबकि 31 जनवरी को गणित और संस्कृत या क्षेत्रीय भाषा की परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्री परीक्षा के परिणामों की समीक्षा फरवरी के पहले सप्ताह तक की जाएगी। इसके बाद कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष कक्षाएं चलाई जाएंगी, ताकि शत प्रतिशत परीक्षाफल का लक्ष्य हासिल किया जा सके। जैक की ओर से कक्षा आठवीं की मुख्य बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से आयोजित की जाएगी। प्री परीक्षा का उद्देश्य छात्रों को बोर्ड परीक्षा के पैटर्न से परिचित कराना और उनकी तैयारी को मजबूत करना है। शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि इस पहल से बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम सामने आएंगे।







