CM Himanta Biswa Sarma
रांची। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ झारखंड की राजधानी रांची में प्रीमिलरी इंक्वायरी (पीई) दर्ज की गई है। यह पीई रांची के सदर थाना में दर्ज की गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यूथ कांग्रेस नेता की शिकायत पर पुलिस कर रही जांच
यह पूरा मामला झारखंड यूथ कांग्रेस के वाइस प्रेसिडेंट एस. अग्रवाल द्वारा दिए गए आवेदन के बाद सामने आया है। एस. अग्रवाल ने सदर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि असम के सीएम ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीई दर्ज कर ली है और पूरे मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
एक्स हैंडल पर फायरिंग शूटिंग का वीडियो विवादों मे
शिकायत के मुताबिक, सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के एक्स हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें वे फायरिंग और शूटिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस तरह का वीडियो सार्वजनिक मंच पर डालना गलत संदेश देता है और कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भ्रम पैदा कर सकता है।
आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर दर्ज कराई गई शिकायत
यूथ कांग्रेस नेता का कहना है कि यह पोस्ट आपत्तिजनक है और इससे समाज में गलत प्रभाव पड़ सकता है, खासकर युवाओं पर। इसी को लेकर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। फिलहाल सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो की सत्यता, पोस्ट करने के उद्देश्य और इससे जुड़े कानूनी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रीमिलरी इंक्वायरी पूरी होने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि आगे केस दर्ज होगा या नहीं। अभी मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


















