Ranchi to Rishikesh direct train: राज्यपाल ने रेल मंत्री से मांगी रांची से ऋषिकेश तक सीधी ट्रेन

3 Min Read

Ranchi to Rishikesh direct train

रांची। झारखंड से उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक शहरों तक सीधी ट्रेन की मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर रांची से ऋषिकेश तक नई रेल सेवा शुरू करने का आग्रह किया है। यह प्रस्तावित ट्रेन रांची से चलकर लोहरदगा, टोरी, डाल्टनगंज, डेहरी-ऑन-सोन, वाराणसी, अयोध्याधाम, बरेली और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक जाएगी।

चेंबर ऑफ कॉमर्स ने उठाई थी मांग

दरअसल, फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने राज्यपाल को इस संबंध में प्रार्थना-पत्र सौंपा था। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में लोग धार्मिक और व्यापारिक कारणों से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जाते हैं, लेकिन सीधी ट्रेन नहीं होने से उन्हें काफी परेशानी होती है। राज्यपाल ने इस मांग को जनहित से जुड़ा मुद्दा बताते हुए इसे रेल मंत्री के सामने रखा।

यात्रियों को होती है भारी परेशानी

अभी रांची से लखनऊ, अयोध्या, बरेली, हरिद्वार या ऋषिकेश जाने के लिए यात्रियों को या तो ट्रेन बदलनी पड़ती है या लंबा रूट लेकर जाना पड़ता है। खासकर बुजुर्ग और श्रद्धालुओं को सफर में ज्यादा दिक्कत होती है। राज्यपाल ने अपने पत्र में लिखा है कि सीधी रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों का समय बचेगा और सफर भी आसान होगा।

अयोध्याधाम और चारधाम यात्रा को मिलेगा सहारा

नई ट्रेन शुरू होने पर झारखंड के श्रद्धालुओं को अयोध्याधाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए सीधा साधन मिल जाएगा। इसके साथ ही हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे तीर्थ स्थलों तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। धार्मिक पर्यटन के लिहाज से यह ट्रेन काफी अहम मानी जा रही है।

व्यापार और पर्यटन को भी मिलेगा फायदा

राज्यपाल ने कहा है कि इस रेल सेवा से सिर्फ श्रद्धालुओं को ही नहीं, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। झारखंड और उत्तर प्रदेश के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक रिश्ते मजबूत होंगे। व्यापारियों का मानना है कि सीधी कनेक्टिविटी से माल ढुलाई और आवाजाही दोनों आसान होंगे, जिससे कारोबार को नई रफ्तार मिल सकती है।

Share This Article