Bank Holiday
रांची। जनवरी महीने में बैंक से जुड़े काम करने की योजना बना रहे लोगों के लिए जरूरी खबर है। इस माह 24, 25 और 26 जनवरी लगातार तीन दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। चौथा शनिवार, रविवार और गणतंत्र दिवस के कारण देशभर में बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा।
चौथे शनिवार और रविवार से शुरू होगा अवकाश
बैंकिंग नियमों के अनुसार, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहते हैं। जनवरी 2026 में 24 जनवरी को चौथा शनिवार पड़ रहा है, जिस कारण इस दिन बैंक बंद रहेंगे। इसके अगले दिन 25 जनवरी को रविवार होने के कारण भी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।
गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय अवकाश
लगातार दो दिन के अवकाश के बाद 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभर में राष्ट्रीय अवकाश रहेगा। इस दिन भी सभी बैंक बंद रहेंगे, जिससे लगातार तीसरे दिन बैंकिंग कार्य ठप रहेंगे।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू
हालांकि बैंक शाखाएं बंद रहने से चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, ड्राफ्ट और अन्य शाखा संबंधी कार्य प्रभावित रहेंगे, लेकिन एटीएम, डेबिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। ऐसे में ग्राहकों को डिजिटल लेनदेन और नकद निकासी में ज्यादा परेशानी नहीं होगी।
ग्राहकों के लिए सलाह
बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे शाखा से जुड़े जरूरी कार्य 23 जनवरी से पहले निपटा लें, ताकि तीन दिन के अवकाश के दौरान किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।








