नगर निकाय चुनाव 2026: 424 नामांकन रद्द, 6,555 उम्मीदवार चुनाव लड़ने को तैयार

2 Min Read

Nikay Chunav 2026:

रांची। झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार आज, 6 फरवरी को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि कितने प्रत्याशी चुनावी मैदान में रहेंगे और किन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संभव होगा। 5 फरवरी को निर्वाचित अधिकारियों ने सभी दाखिल नामांकन पत्रों की जांच की थी। जांच के दौरान त्रुटियां पाए जाने के कारण राज्यभर में कुल 424 नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए। इनमें महापौर, नगर परिषद और नगर अध्यक्ष पद से जुड़े 76 नामांकन तथा वार्ड पार्षद पद के 348 नामांकन शामिल हैं।

जांच के बाद कितनो के नामांकन हुए रद्द?

जांच पूरी होने के बाद अब कुल 6,555 प्रत्याशियों के नामांकन स्वीकार किए गए हैं। इनमें महापौर और अध्यक्ष पद के लिए 498 उम्मीदवार तथा वार्ड पार्षद पद के लिए 5,957 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। इस चुनाव में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय है। कुल उम्मीदवारों में 3,229 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें 251 महापौर और अध्यक्ष पद तथा 2,978 वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं।राज्य में 48 नगर निकायों में चुनाव होने हैं, जिनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा।

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मेयर और अध्यक्ष पद के लिए एयर कंडीशनर, छड़ी, कंप्यूटर माउस, सिलाई मशीन और ड्रिल मशीन जैसे कई प्रतीक तय किए गए हैं, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए अलमारी, बल्ला, चारपाई, मिक्सर-ग्राइंडर और साइकिल पंप जैसे चुनाव चिह्न निर्धारित किए गए हैं।

Share This Article
Exit mobile version