रांची। रविवार की सुबह बारिश की फुहारों ने राजधानी रांची को अपनी आगोश में ले लिया। एकाएक तेज चली हवा और बारिश की बौछारों ने मार्निंग वाकर्स को सुखद अनुभूती दी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में लू से राहत मिल सकती है।
साथ ही अगले 12 अप्रैल तक ऐसे ही मौसम की लुकाछिपी जारी रहेगी। झारखंड का तापमान बीते तीन-चार दिनों से काफी गर्म है।
लगभग पूरा राज्य हीट वेव की चपेट में है। राज्य के दक्षिणी हिस्से गर्म हवाओं का असर ज्यादा है। अधिकतम तापमान का आंकड़ा राज्य में 40 डिग्री पार कर चुका है।
मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे में सरायकेला सबसे गर्म रहा है। यहां का तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि सबसे कम तापमान बोकारो थर्मल में 21.5 डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम केंद्र रांची की पूर्वानुमान रिपोर्ट बताती है कि बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। इस वजह से सात से नौ अप्रैल तक राज्य के कई हिस्से में बारिश के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवाओं का झोंका के साथ वज्रपात होने की संभावना है। वहीं बारिश भी हो सकती है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति तक रह सकती है। जिसकी एक झलक आज सुबह रांची में देखने को मिली।
आठ अप्रैल को राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ तेज हवा चलेगी। सात अप्रैल के मुकाबले आठ अप्रैल को हवा की रफ्तार 10 किमी कम होगी।
इस दिन हवा की गति 40 किमी तक हो सकती है। वज्रपात की आशंका भी व्यक्त की गई है।
इसे भी पढ़ें
बिहारः RJD के बयान पर BJP का पलटवार-इस शून्य पर आउट होगा महागठबंधन