DUSU Election 2025:
नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2025 के नतीजे सामने आ गए हैं और इस बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम किया है। चार पदों पर हुए चुनाव में ABVP ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस समर्थित NSUI को केवल एक पद से संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ ABVP ने DUSU चुनाव में लगातार तीसरी बार हैट्रिक पूरी कर ली।
अध्यक्ष पद पर ABVP के आर्यन मान ने शानदार जीत हासिल की। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर NSUI के राहुल झांसला ने बाजी मारी। सचिव पद ABVP के कुणाल चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर ABVP की दीपिका झा ने जीत दर्ज की। नतीजों के साथ केंद्रीय पैनल की तस्वीर साफ हो गई है और ABVP एक बार फिर छात्र राजनीति में मजबूत स्थिति में नजर आई है।
छात्र राजनीति की प्रयोगशाला
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव को देश की राजनीति का मिनी मॉडल भी कहा जाता है। यहां से कई दिग्गज नेताओं ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की है। पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली, पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, ललित माकन, अलका लांबा, विजय गोयल जैसे नेता DUSU से ही निकले और बाद में राष्ट्रीय राजनीति में स्थापित हुए। दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी DUSU से ही राजनीति में आईं।
लोकतंत्र की पहचान
DUSU चुनाव लोकतंत्र की प्रयोगशाला माने जाते हैं। यहां मुद्दे, प्रचार के तरीके और चेहरे हर साल बदलते हैं, लेकिन संगठन की पकड़ और छात्रों की धारणा तय करती है कि कौन आगे बढ़ेगा। 2025 के चुनाव के नतीजे बताते हैं कि ABVP ने न केवल अपनी पकड़ मजबूत की है बल्कि भविष्य के नेताओं की पंक्ति में भी अपने उम्मीदवारों को आगे बढ़ा दिया है।
इसे भी पढ़ें








