रांची। झारखंड का धनबाद राजनीति का केंद्र बनता दिख रहा है। 4 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धनबाद आ रहे हैं। इसी दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भी धनबाद में सभा है। एक ही दिन में पीएम और सीएम दोनों जनसभा कर अपनी राजनीतिक शक्ति का प्रदर्शन करेंगे।
इतना ही नहीं इसके 4-5 दिन बाद राहुल गांधी अपनी न्याय यात्रा के दौरान धनबाद पहुंचेंगे। यानी धनबाद में फरवरी के एक सप्ताह राजनीतिक तौर पर गहमागहमी रहेगी। हालांकि 11 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रांची आगमन की भी चर्चा है।
माना जा रहा है कि झारखंड में लोकसभा चुनाव का बिगूल भी पीएम इस रैली के जरिए फूकेंगे। एक ही दिन कार्यक्रम होने से भाजपा और झामुमो समर्थकों के बीच टकराव की भी आशंका है। दोनों दलों के कार्यकर्ता सतर्क हैं।
धनबाद में प्रधानमंत्री बलियापुर हवाई अड्डा मैदान में और मुख्यमंत्री गोल्फ ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी भारत जोड़ो न्याय यात्रा करते हुए धनबाद पहुंच रहे हैं। झारखंड की राजनीति में धनबाद का महत्व अचानक से बढ़ गया है। सभी प्रमुख कार्यक्रम अचानक इसी जगह हो रहे हैं।
धनबाद में बन रहे इस राजनीतिक घमासान को लेकर पुलिस विभाग की अलर्ट है। भाजपा और झामुमो कार्यकर्ता औऱ समर्थकों में टकराव भी की संभावना है। इसे लेकर प्रशासन अभी से अलर्ट मोड पर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर्ल खाद कारखाना सिंदरी के उद्घाटन के अवसर पर यहां मौजूद होंगे। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री और कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी ने इस यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए बताया है कि प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे धनबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे।
चार फरवरी की शाम को ही गोल्फ ग्राउंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सभा होगी। पार्टी की स्थापना दिवस के मौके पर यह आयोजन होगा। इस आयोजन में हजारों लोग पारंपरिक हथियारों के साथ सभा स्थल पहुंचेंगे।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की झारखंड में छह फरवरी के बाद इंट्री होगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के मुताबिक रूट चार्ट अभी तैयार हो रहा है। नौ या दस फरवरी को यात्रा धनबाद में प्रवेश करेगी।
यात्रा के दौरान राहुल गांधी धनबाद में सभा भी करेंगे। धनबाद, गिरिडीह, राजमहल, हजारीबाग, रांची, खूंटी, जमशेदपुर समेत आठ से दस लोकसभा क्षेत्रों में यह यात्रा जाएगी। इसके बाद झारखंड लोकसभा चुनाव को चुनावी माहौल में डूब जायेगा यह तो तय है।
इसे भी पढ़ें
जब कर्पूरी ठाकुर को फादर बुल्के ने कुलपति बनने से कर दिया था इंकार