रांची : झारखंड में नियोजन नीति के खिलाफ मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने आये छात्रों पर सोमवार को पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। पुलिस की इस कार्रवाई में कई छात्रों को चोटें आयी हैं वहीं कई घायल हो गये हैं। पुलिस के लाठीचार्ज से घायल कई छात्रों के सर से खून निकलने लगे। वहीं कई के हाथ और पैरों में चोटे आयीं हैं। पुलिस के लाठीचार्ज के बाद छात्र आक्रोशित नजर आये। इससे पहले मोरहाबादी से निकले छात्र पुलिस को चकमा देते हुए कांके रोड पहुंचे और धरने पर बैठ गये। छात्रों के धरने पर बैठने के बाद कांके रोड जाम हो गया।
इससे कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया। इसके बाद पुलिस ने धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में छात्र नेता मनोज यादव और बेबी महतो समेत 20 छात्रों को हिरासत में ले लिया। प्रशासन की ओर से रोके जाने के बाद छात्र उत्तेजित हो गये। लेकिन पुलिस ने धारा 144 लगे होने का हवाला देते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि 18 अप्रैल को भी झारखंड के सभी प्रखंडों और जिला मुख्यालयों में मशाल जुलूस और 19 अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। रांची में जयपाल सिंह स्टेडियम के सामने एकत्रित होकर शाम पांच बजे अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला जायेगा। वहीं 19 अप्रैल को झारखंड बंद का प्रयास होगा। हालांकि अकस्मिक सेवाओं को बंद से मुक्त रखने का ऐलान किया गया है। युवाओं ने 23 मार्च को 60 : 40 नियोजन नीति के विरोध तथा 1932 के खतियान आधारित स्थानीय नीति की मांग को लेकर विधानसभा का घेराव भी किया गया था।