Ranchi air ambulance crash
रांची। झारखंड के चतरा जिले में बीती शाम एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस झारखंड के चतरा जिले में क्रैश हो गई। इस हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक गंभीर रूप से घायल मरीज भी शामिल था। अधिकारियों के अनुसार, विमान ने खराब मौसम के कारण रास्ता बदलने की अनुमति मांगी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका संपर्क कोलकाता एटीसी से टूट गया और विमान क्रैश हो गई ।
क्या था हादसे का कारण?
रिपोर्ट के अनुसार खराब मौसम को सबसे बड़े कारणों में एक माना जा रहा है। बता दे सोमवार को देर शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया था। तेज हवा और झमाझम बारिश होने लगी थी और इसी कारण से विमान अपने निर्धारित रूट से दाईं ओर डायवर्ट हो गया था और रास्ता भटक गया। दूसरी ओर विमान में अचानक आई तकनीकी खराबी, जैसे इंजन फेल होना या सिस्टम फंक्शन में गड़बड़ी भी बड़ा कारण हो सकती है। आखिर में मानवीय त्रुटि (human error) भी अहम फैक्टर हो सकती है, जहां निर्णय लेने में चूक या कंट्रोल में गलती से भी हादसा हो सकती है।
कितने लोग थे विमान में?
विमान में दो पायलट कैप्टन विवेक और कैप्टन सबराजदीप सवार थे। इनके अलावा मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, भगीना ध्रुव कुमार, डॉ. विकास कुमार गुप्ता और पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा भी मौजूद थे। चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि देर रात तक सभी शव बरामद कर लिए गए।बता दे मृतक संजय कुमार चंदवा के निवासी थे और छह दिन पहले 65 प्रतिशत तक झुलस गए थे।
पलामू स्थित उनके लाइन होटल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के दौरान वे हादसे का शिकार हुए थे। उन्हें रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया था और हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। मंगलवार सुबह जब सभी शव चतरा सदर अस्पताल पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर दहल उठा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां पहुंचे और शोक व्यक्त किया।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पहुंचे चतरा
आज सुबह स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी एयर एंबुलेंस क्रैश में मारे गए लोगों के रिश्तेदारों से मिलने चतरा आए हुए थे। स्थानीय सदर अस्पताल पहुंचते ही सबसे पहले मंत्री मृतकों के शवों को देखा और पोस्टमार्टम तैयारियों का जायजा लिया।उन्होंने मौके पर ही उपायुक्त कीर्तिश्री जी एवं पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एयर एंबुलेंस क्रैश की झारखंड में अब तक की यह सबसे बड़ी घटना है।उन्होंने कहा कि मृतकों के स्वजनों के साथ सरकार की पूरी संवेदना है।
आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। घटना की सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जाएगी और जो कोई भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी।मंत्री ने कहा कि मौसम खराब होने के बावजूद किस परिस्थिति में उड़ान भर गया, यह भी जांच का विषय है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वीकार किया कि झारखंड में चिकित्सीय व्यवस्था बेहतर नहीं है। उन्होंने विपक्षी पार्टी पर विकास विरोधी का आरोप लगाया।








