केस दर्ज अब दुबई में बैठे गैंगस्टर पर कसेगा शिकंजा
रांची। झारखंड का एक बड़ा डॉन अब ED के रडार पर आ गया है। ईडी ने उसके खिलाफ FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अब ईडी का प्रयास है कि दुबई में बैठे इस डॉन को भारत लाया जाये। जी हां, हम बात कर रहे हैं धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान की।
प्रिंस खान के खिलाफ ईडी ने एक्शन लिया है। प्रवर्तन निदेशालय ने प्रिंस खान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है।
रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद पहली बार प्रिंस के खिलाफ ये बड़ी कार्रवाई हुई है। कहा जा रहा है कि प्रिंस की गिरफ्तारी के लिए ईडी जल्द ही इंटरपोल की मदद ले सकती है।
इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है और कागजी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
बताते चलें कि प्रिंस खान दुबई में बैठकर अपने गुर्गों के माध्यम से झारखंड में अपनी बादशाहत चला रहा है।
रंगदारी वसूली और कोयला खदानों से वह बेहिसाब कमाई कर रहा है। ये पैसे उसके पास हवाला और उसके नेटवर्क के जरिए दुबई तक पहुंच रहे हैं।
कहा जा रहा है ईडी सबसे पहले उसके इसी नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई में जुट गई है। प्रिंस खान के खौफ के कारण धनबाद के व्यवसायियों में दहशत है।
धनबाद के व्यापारियों से फोन कर रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करने वाले वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान पर अब शिकंजा कसने की उम्मीद जगी है।
ईडी ने प्रिंस खान उर्फ हैदर अली के खिलाफ ईसीआईआर दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि ईडी जल्द ही प्रिंस खान को गिरफ्तार करने और रंगदारी से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई करेगी।
इतना ही नहीं, बेहिसाब संपति अर्जित करने के मामले में उसके परिवार के सदस्यों पर भी ईडी घेराबंदी करेगी।
रंगदारी के पैसे से ही उसके परिवार के सदस्यों ने भी संपत्ति बनायी है। रंगदारी के पैसे से धनबाद से लेकर विदेश तक में संपत्ति बनायी गई है।
ईडी इन संपत्तियों का आंकड़ा जुटा रही है। इसके बाद ईडी इन अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई करेगी।
बता दें कि धनबाद के नया बाजार के रहने वाले नन्हे हत्याकांड के बाद फरार प्रिंस खान धनबाद छोड़कर दुबई के शारजहां चला गया है और वही से फोन और मैसेज के जरिये धनबाद के कारोबारियों से रंगदारी मांगता है और रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग करवाता है।
धनबाद पुलिस ने पहले तो खुद इस गैंगस्टर से निपटने की कोशिश की। पर आपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर केंद्रीय गृह मंत्रालय को इसकी जानकारी दी और फिर पिछले साल प्रिंस खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया।
धनबाद पुलिस दो बार प्रिंस के घर पर कुर्की की कार्रवाई कर चुकी है। बताते चलें कि राज्य सरकार ने प्रिंस खान की गिरफ्तारी को लेकर 30 लाख रूपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।
प्रिंस के खिलाफ धनबाद और अन्य जगहों पर 48 से ज्यादा मामले दर्ज है। धनबाद पुलिस की रिपोर्ट पर इंटरपोल प्रिंस खान के खिलाफ रेड और ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर चुका है।
इसी नोटिस के आधार पर ईडी अब इंटरपोल की मदद से प्रिंस खान पर शिकंजा कसने की कोशिश में जुट गई है।
इसे भी पढ़ें
भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक आज से भारत मंडपम में