Zohran Mamdani house protest: मेयर जोहरान ममदानी के आवास पर प्रदर्शन के दौरान फेंकी गई IED, जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

3 Min Read

Zohran Mamdani house protest:

वाशिंगटन, एजेंसियां। न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी के आधिकारिक आवास के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान एक गंभीर सुरक्षा खतरे का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि प्रदर्शनकारियों द्वारा फेंका गया उपकरण एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) था, जिससे बड़ा धमाका हो सकता था और लोगों की जान भी जा सकती थी।यह घटना उस समय हुई जब मेयर के आवास के बाहर कुछ लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान एक प्रदर्शनकारी ने किसी उपकरण को प्रज्वलित कर परिसर की ओर फेंक दिया।

शुरुआत में इसे धुआं बम या कोई साधारण उपकरण समझा जा रहा था, लेकिन बाद में न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के बम निरोधक दस्ते ने इसकी जांच की। जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि वह उपकरण वास्तव में IED था और अगर उसमें विस्फोट होता तो गंभीर चोट या जान जाने की आशंका थी।

न्यूयॉर्क पुलिस आयुक्त जेसिका टिश ने इस मामले की जानकारी दी

न्यूयॉर्क पुलिस आयुक्त जेसिका टिश ने इस मामले की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल से एक अन्य संदिग्ध उपकरण भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच अभी जारी है।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच संघीय एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है। न्यूयॉर्क पुलिस एफबीआई की संयुक्त आतंकवाद विरोधी टास्क फोर्स के साथ मिलकर घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह घटना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं थी।

मेयर जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दिया

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मेयर जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने कहा कि उनके आवास के बाहर हो रहा विरोध प्रदर्शन कट्टरता और नस्लवाद से प्रेरित था। उन्होंने विस्फोटक उपकरण के इस्तेमाल की कोशिश की कड़ी निंदा करते हुए इसे आपराधिक और बेहद निंदनीय बताया।ममदानी ने साथ ही न्यूयॉर्क पुलिस के अधिकारियों का आभार जताया, जिन्होंने बिना देरी किए स्थिति को संभाला और संदिग्धों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि शहर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।

फिलहाल पुलिस और संघीय एजेंसियां इस मामले की गहन जांच कर रही हैं और आने वाले दिनों में इससे जुड़े और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article