Firing at Elvish Yadav’s house:
नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में दो शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में फरीदाबाद का गौरव सिंह उर्फ निक्का (22) और बिहार का आदित्य तिवारी (19) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों शूटर नीरज फरीदपुरिया और हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े हुए हैं। 17 अगस्त को गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित एल्विश यादव के घर पर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाश पहुंचे थे, जिनमें से दो ने अंधाधुंध फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद ‘भाऊ गैंग’ ने सोशल मीडिया पर इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी।
स्पेशल सेल के उपायुक्त ने बताया:
स्पेशल सेल के उपायुक्त अमित कौशिक ने बताया कि सूचना मिलने पर एसीपी राहुल कुमार सिंह की अगुआई में पुलिस टीम ने शाहबाद डेयरी के पास खेड़ा नहर इलाके में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को धर-दबोचा। गिरफ्तारी के समय एक आरोपी ने पुलिस पर पिस्टल तानने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मुस्तैदी से उसे काबू कर लिया। आरोपियों से एक पिस्तौल, चार कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल:
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया है कि वे गैंगस्टर नीरज और हिमांशु के इशारे पर काम कर रहे थे। एल्विश यादव के घर फायरिंग के बाद वे नेपाल बॉर्डर भागने की फिराक में थे, लेकिन उन्हें दिल्ली लौटने का आदेश मिला क्योंकि उन्हें यहां एक और अपराध को अंजाम देना था। गौरव सिंह पर पहले से राजस्थान में मूर्ति तोड़ने का केस दर्ज है, जबकि आदित्य तिवारी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह फरीदाबाद से बीसीए कर रहा था। आरोपियों के खिलाफ अब आम्र्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें
Renukaswamy Murder Case: सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता दर्शन की जमानत की रद्द, गिरफ्तारी के आसार








