Noida meter factory fire: नोएडा की बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, दो दर्जन से ज्यादा कर्मचारी झुलसे

2 Min Read

Noida meter factory fire:

नोएडा, एजेंसियां। नोएडा के सेक्टर-4 में स्थित एक बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर करीब 250 कर्मचारी मौजूद थे। आग लगने के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और कई कर्मचारियों को अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिल से नीचे कूदना पड़ा। इस घटना में दो दर्जन से ज्यादा लोग झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिजली मीटर बनाती है कंपनी

पुलिस के अनुसार सेक्टर-4 स्थित Capital Power Systems Limited में बिजली मीटर बनाने का काम होता है। गुरुवार सुबह अचानक फैक्ट्री में आग लग गई, जिसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

दमकल की गाड़ियां मौके पर

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश जारी है। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को भी खाली कराया गया है।

क्या बोले अधिकारी

गौतमबुद्धनगर के अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) Rajiv Narayan Mishra ने बताया कि आग लगने के समय फैक्ट्री के अंदर करीब 250 लोग मौजूद थे। आग के कारण अफरा-तफरी मच गई और कई लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Share This Article