Karan Johar acting debut:
मुंबई, एजेंसियां। एक समय ऐसा था जब भारतीय टेलीविजन पर पौराणिक और पारिवारिक धारावाहिकों का दबदबा हुआ करता था। उस दौर में जब ज्यादातर टीवी शो धार्मिक या पारिवारिक कहानियों पर आधारित होते थे, तब दूरदर्शन पर एक ऐसा सीरियल प्रसारित हुआ जिसने अपनी अलग कहानी और कॉन्सेप्ट से दर्शकों का ध्यान खींच लिया। इस सीरियल का नाम था इन्द्रधनुष , जो 1989 में प्रसारित हुआ था और उस समय के लिहाज से काफी अलग और आधुनिक माना गया।यह शो एक साइंस-फिक्शन आधारित धारावाहिक था, जिसे खास तौर पर बच्चों और युवाओं ने काफी पसंद किया।
इसकी कहानी एक लड़के श्रीकांत और उसके दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में दिखाया गया है कि ये बच्चे मिलकर एक खास तरह का कंप्यूटर सिस्टम बनाते हैं, जो एक तरह की टाइम मशीन की तरह काम करता है। इस मशीन के जरिए वे समय यात्रा से जुड़े कई रहस्यमय और रोमांचक अनुभवों का सामना करते हैं।
सीरियल में विज्ञान, रोमांच और रहस्य का अनोखा मिश्रण है
सीरियल में विज्ञान, रोमांच और रहस्य का अनोखा मिश्रण देखने को मिला था। कहानी में एक रहस्यमयी एलियन की एंट्री भी दिखाई गई थी, जो एंड्रोमेडा गैलेक्सी से आता है। इस एलियन के आने के बाद श्रीकांत और उसके दोस्तों की जिंदगी में कई अजीब और रोमांचक घटनाएं होने लगती हैं। हर एपिसोड में दर्शकों को नई पहेलियां और रोमांच देखने को मिलता था, जिसकी वजह से यह शो बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया था।
इस सीरियल की खास बात क्या थी?
इस सीरियल की एक खास बात यह भी थी कि इसी शो से मशहूर फिल्म निर्माता Karan Johar ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उस समय करण जौहर की उम्र करीब 14-15 साल थी और उन्होंने इस शो में श्रीकांत का किरदार निभाया था। बाद में करण जौहर बॉलीवुड के सबसे सफल निर्देशकों और निर्माताओं में गिने जाने लगे।इस धारावाहिक का निर्देशन आनंद महेन्द्रू ने किया था। शो में करण जौहर के अलावा ऊर्मिला मातोंडकर , सागर आर्य, विशाल सिंह और जीतेंद्र राजपाल जैसे कलाकार भी नजर आए थे।
हालांकि यह सीरियल दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ, लेकिन इसकी कहानी सिर्फ 13 एपिसोड में ही खत्म हो गई थी। इसके बावजूद इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे IMDb पर करीब 8.1 की शानदार रेटिंग मिली है। आज भी ‘इंद्रधनुष’ को भारतीय टेलीविजन के शुरुआती और अनोखे साइंस-फिक्शन शोज में गिना जाता है।








