Ek Din trailer release:
मुंबई, एजेंसियां। आमिर खान के बेटे जुनैद खान और साउथ की मशहूर अभिनेत्री सई पल्लवी की फिल्म ‘एक दिन’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह सई पल्लवी की पहली हिंदी फिल्म है, जबकि जुनैद खान की यह दूसरी थिएट्रिकल फिल्म होगी। इससे पहले उन्होंने फिल्म ‘लवयापा’ से बड़े पर्दे पर कदम रखा था, जिसमें उनके साथ खुशी कपूर नजर आई थीं। हालांकि वह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी थी।
करीब 2 मिनट 12 सेकेंड के इस ट्रेलर में एक सादगी भरी लव स्टोरी दिखाई गई है। फिल्म में रोमांस के साथ हल्का सस्पेंस भी देखने को मिलता है। ट्रेलर में जुनैद खान और सई पल्लवी की केमिस्ट्री के साथ भावनात्मक पल भी नजर आते हैं।
ट्रेलर में क्या है खास?
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत एक ऐसी जगह से होती है, जहां ‘फॉर्च्यून बेल’ लगी होती है। कहा जाता है कि दुनिया भर से हारे हुए आशिक यहां आकर घंटी बजाते हैं ताकि उनका प्यार उन्हें मिल सके। इसी दौरान जुनैद का किरदार कहता है कि काश मीरा उसकी हो जाए, चाहे सिर्फ एक दिन के लिए ही सही।
आमिर खान ने किया है प्रोड्यूस
इस फिल्म को आमिर खान ने अपने प्रोडक्शन बैनर आमिर खान फिल्म्स के तहत प्रोड्यूस किया है। फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जबकि कहानी स्नेहा देसाई और स्पंदन मिश्रा ने लिखी है। फिल्म में जुनैद खान और सई पल्लवी के अलावा कुणाल कपूर और केविन दवे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म में अरिजीत सिंह का गाना
फिल्म में मशहूर गायक अरिजीत सिंह का एक गाना भी शामिल है, जिसकी झलक ट्रेलर में सुनाई देती है। फिल्म का संगीत राम संपत ने दिया है, जबकि गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। बता दें यह फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।







