Coimbatore Dhanbad Amrit Bharat:
धनबाद। धनबाद और कोयंबटूर के बीच लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 1 मार्च 2026 से कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस अपनी पहली यात्रा शुरू करने जा रही है। इस ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मदुरई से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर करेंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 2 फरवरी को इस नई ट्रेन सेवा की औपचारिक घोषणा की थी।
सुपरफास्ट सेवा, अहम स्टेशनों से होकर गुजरेगी
रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह ट्रेन सुपरफास्ट श्रेणी में चलेगी। इसका रूट धनबाद से गोमो, पारसनाथ और गया होते हुए कोयंबटूर तक तय किया गया है। इससे झारखंड और बिहार के यात्रियों को दक्षिण भारत के लिए सीधा और तेज़ कनेक्शन मिलेगा। खासतौर पर धनबाद से काटपाड़ी और तमिलनाडु के अन्य शहरों की यात्रा करने वालों के लिए यह ट्रेन बेहतर विकल्प साबित होगी। नई सेवा से यात्रियों को अब कई ट्रेनों के जरिए लंबी यात्रा करने की परेशानी से राहत मिलेगी। रेलवे का मानना है कि यह ट्रेन दक्षिण और पूर्वी भारत के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नॉन-एसी स्लीपर कोच, किफायती सफर
अमृत भारत एक्सप्रेस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें केवल नॉन-एसी स्लीपर कोच लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य मध्यम और सामान्य वर्ग के यात्रियों को कम लागत में लंबी दूरी की यात्रा का अवसर देना है। ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्लीपर बोगियां होंगी, जिनमें बेहतर सीटिंग व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।रेलवे का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग किफायती दर पर आरामदायक यात्रा कर सकें। अमृत भारत एक्सप्रेस की अवधारणा ही आम यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
संभावित शेड्यूल
संभावित समय-सारणी के अनुसार, यह ट्रेन धनबाद से प्रत्येक सोमवार और कोयंबटूर से प्रत्येक गुरुवार को रवाना हो सकती है। हालांकि नियमित संचालन को लेकर विस्तृत टाइम टेबल की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। उद्घाटन के बाद शुरुआती दिनों में इसे स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाया जा सकता है।नई अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से लंबी दूरी के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और दोनों क्षेत्रों के बीच आर्थिक व सामाजिक संपर्क भी मजबूत होगा।







