Accident in Ramgarh
रामगढ़। रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चुटूपालू घाटी में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छड़ लदा एक ट्रेलर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही एक बाइक समेत पांच वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
लोगों की अफरा तफरी मच गयी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल रामगढ़ और निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर घाटी के एक लेन को बंद कर दूसरे लेन से यातायात संचालित किया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए घाटी में जाम की स्थिति बन गई थी। बाद में प्रशासन ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। टक्कर की चपेट में आए वाहनों में इनोवा, बोलेरो, हुंडई आई10, फॉर्च्यूनर और एक बाइक शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

