Nitin Naveen Resignation
नई दिल्ली, एजेंसियां। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने बिहार में अपने मंत्री पद से मंगलवार, 16 दिसंबर 2025 को इस्तीफा दे दिया। वे पथ निर्माण और नगर विकास विभाग संभाल रहे थे। सोमवार को दिल्ली पहुंचकर उन्होंने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
नितिन नवीन ने अमित शाह से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया
पदभार ग्रहण के बाद नवीन ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। पांच बार के विधायक नितिन नवीन बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और कायस्थ समुदाय से आते हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार, वह भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी बनने वाले सबसे युवा नेताओं में से एक हो सकते हैं।
नितिन नवीन ने कहा
नितिन नवीन ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में यह जिम्मेदारी संस्थापक सदस्यों की वैचारिक धारा को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के संघर्ष और राष्ट्रसेवा के सिद्धांतों का स्मरण करते हुए संगठन और राष्ट्र निर्माण के कार्य में समर्पण की प्रतिबद्धता जताई।







