Zubeen Garg’s last film:
नई दिल्ली, एजेंसियां। गायक और अभिनेता जुबीन गर्ग की आखिरी फिल्म ‘रोई रोई बिनाले’ 31 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और पहले ही दिन इसने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया। असम के सिनेमाघरों के बाहर दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने इस फिल्म को जुबीन गर्ग के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में देखा, जिससे पहले दिन का कलेक्शन ऐतिहासिक रहा।
बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन शानदार कमाई
असमिया संगीतमय रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘रोई रोई बिनाले’ जील क्रिएशंस और आई-क्रिएशन के बैनर तले बनी है। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत के बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 1.53 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। यह अब तक की किसी भी असमिया फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग मानी जा रही है। 2025 में इससे पहले रिलीज हुई असमिया फिल्मों में ‘रुद्र’ ने पहले दिन 0.32 करोड़ रुपये और ‘भाईमोन दा’ ने 0.13 करोड़ रुपये कमाए थे। इन दोनों के मुकाबले ‘रोई रोई बिनाले’ का 1.53 करोड़ रुपये का ओपनिंग कलेक्शन कई गुना ज्यादा है, जिससे यह साल की सबसे बड़ी हिट ओपनिंग फिल्म बन गई है।
फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी, संगीत और अभिनय — तीनों में जुबीन गर्ग का जादू नजर आता है। उन्होंने न केवल इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है, बल्कि इसकी कहानी खुद लिखी और सभी गाने भी कंपोज किए हैं। फिल्म में मौसमी अलीफा, यशश्री भुयान और विक्टर बनर्जी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।फिल्म की रिलीज के दौरान असम के कई सिनेमाघरों में जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। पारंपरिक असमिया सजावट के बीच दर्शकों ने फिल्म देखकर अपने पसंदीदा कलाकार को याद किया।
गौरतलब है कि जुबीन गर्ग का 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में निधन हो गया था। उनके निधन की जांच अभी भी जारी है और इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। बताया जाता है कि जुबीन गर्ग की आखिरी इच्छा थी कि उनकी फिल्म ‘रोई रोई बिनाले’ को 31 अक्टूबर 2025 को ही रिलीज किया जाए, जिसे पूरा किया गया। यह फिल्म अब न केवल एक सिनेमाई उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है, बल्कि जुबीन गर्ग की विरासत को समर्पित भावनात्मक श्रद्धांजलि भी बन चुकी है।
इसे भी पढ़ें
