Yash Toxic teaser:
हैदराबाद, एजेंसियां। निर्देशक गीतू मोहनदास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। टीजर में सुपरस्टार यश अपने किरदार ‘राया’ के रूप में बेहद खौफनाक और दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। 1 मिनट 55 सेकंड के इस टीजर ने फैंस की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है।मेकर्स ने शुक्रवार को फिल्म का टीजर पांच भाषाओं में जारी किया। सोशल मीडिया पर इसे शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया, “यह पागल कर देगा।” रिलीज के साथ ही टीजर वायरल हो गया और दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
दमदार एक्शन और डार्क टोन
टीजर की शुरुआत राया के परिचय से होती है, जहां बताया जाता है कि इस बार की जंग और मक्कारी दोनों अलग हैं। इसके बाद हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस की झलक मिलती है, जिसमें यश दुश्मनों से बेरहमी से भिड़ते दिखाई देते हैं। हाथापाई, खून-खराबा और गहरे डार्क विजुअल्स फिल्म की टोन को साफ दर्शाते हैं।टीजर के अंत में यश का क्लीन शेव लुक खास चर्चा का विषय बन गया है। एक सीन में वह कहते नजर आते हैं, “मैं घर आ गया हूं, डैडी।” इससे कहानी में दोहरी भूमिका या ट्विस्ट की संभावना भी जताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर रिएक्शन
टीजर रिलीज होते ही फैंस ने कमेंट सेक्शन में उत्साह जाहिर किया। एक यूजर ने लिखा, “यह टीजर नहीं, वॉर्निंग नोटिस है।” वहीं एक अन्य फैन ने कहा, “फर्स्ट डे, फर्स्ट शो पक्का।” कई लोगों ने यश के बिना दाढ़ी वाले लुक को ‘अनएक्सपेक्टेड’ बताया।
स्टारकास्ट और रिलीज
फिल्म में यश के साथ रुक्मिणी वसंत, नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी खुद यश और गीतू मोहनदास ने मिलकर लिखी है।कन्नड़ और इंग्लिश में एक साथ शूट की गई यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला ‘धुरंधर 2’ से होने वाला है, जिसे इस साल के सबसे बड़े पैन-इंडिया क्लैश में से एक माना जा रहा है।कुल मिलाकर, ‘टॉक्सिक’ का टीजर दर्शकों को एक डार्क, हिंसक और इंटेंस कहानी का संकेत देता है, जिसने रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा बटोर ली है।







