World Cancer Day 2026: बढ़ते कैंसर मामलों ने बढ़ाई चिंता, ये संकेत दिखें तो तुरंत कराएं जांच

3 Min Read

World Cancer Day 2026:

नई दिल्ली, एजेंसियां। हर साल 4 फरवरी को दुनियाभर में वर्ल्ड कैंसर डे मनाया जाता है। साल 2026 में इस दिन की अहमियत और भी बढ़ गई है क्योंकि कैंसर के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2022 में वैश्विक स्तर पर करीब 2 करोड़ नए कैंसर मरीज सामने आए, जबकि लगभग 97 लाख लोगों की मौत कैंसर से जुड़ी बीमारियों के कारण हुई। ये आंकड़े इस गंभीर बीमारी के तेजी से फैलते खतरे को दिखाते हैं।

भारत में भी तेजी से बढ़ रहे कैंसर के मामले

भारत में भी कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। साल 2019 में जहां करीब 13.5 लाख मामले सामने आए थे, वहीं 2024 तक यह संख्या बढ़कर लगभग 15.3 लाख तक पहुंच गई। साल 2020 में 13.9 लाख, 2021 में 14.2 लाख, 2022 में 14.6 लाख और 2023 में 14.9 लाख कैंसर के मामले दर्ज किए गए। विशेषज्ञों के मुताबिक बदलती जीवनशैली, खानपान की खराब आदतें, प्रदूषण और तनाव इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं।

क्या है इस साल की थीम ‘United by Unique’

वर्ल्ड कैंसर डे 2026 की थीम ‘United by Unique’ रखी गई है। इसका मतलब है कि हर मरीज की कैंसर से लड़ाई अलग होती है, लेकिन सभी का लक्ष्य बेहतर इलाज और बेहतर जीवन होता है। यह थीम मरीजों की व्यक्तिगत जरूरतों को समझने और उनके मुताबिक इलाज व सपोर्ट सिस्टम विकसित करने पर जोर देती है।

शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

विशेषज्ञों का कहना है कि कैंसर की समय रहते पहचान जान बचा सकती है। डॉक्टर वैशाली जामरे के मुताबिक, ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती स्टेज में अक्सर कोई दर्द या स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते, इसलिए नियमित मैमोग्राफी बेहद जरूरी है। कई लोग बिना दर्द की गांठ, अचानक वजन घटना, लगातार थकान, लंबे समय तक खांसी, असामान्य ब्लीडिंग, न भरने वाले घाव और त्वचा में बदलाव जैसे संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर रूप ले सकते हैं।

युवाओं में भी बढ़ रहे कैंसर के मामले

हाल के वर्षों में युवाओं में भी ब्रेस्ट, कोलोरेक्टल, थायरॉइड, एंडोमेट्रियल और स्किन कैंसर के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित स्क्रीनिंग और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। वर्ल्ड कैंसर डे लोगों को जागरूक करने और समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित करता है, जिससे कैंसर से होने वाली मौतों को कम किया जा सके।

Share This Article