Wings India 2026: विंग्स इंडिया 2026 में उत्तराखंड को मिला विमानन क्षेत्र का राष्ट्रीय सम्मान, सीएम धामी ने बताया गर्व का क्षण

2 Min Read

Wings India 2026:

हैदराबाद, एजेंसियां। हैदराबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय विमानन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी Wings India 2026 में उत्तराखंड को “Best State for Promotion of Aviation Ecosystem” के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राज्य सरकार द्वारा नागरिक उड्डयन क्षेत्र में किए गए नवाचार, नीति समर्थन और मजबूत विमानन पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।

यह पुरस्कार बेगमपेट एयरपोर्ट, हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सचिव सचिन कुर्वे, सीईओ डॉ. आशीष चौहान, अपर सीईओ संजय सिंह टोलिया और हेड ऑफ ऑपरेशंस कैप्टन अमित शर्मा भी उपस्थित रहे।

Wings India क्या है?

Wings India देश का प्रमुख विमानन मंच माना जाता है, जहां देश-विदेश के नीति निर्माता, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ और एविएशन सेक्टर से जुड़े हितधारक भाग लेते हैं। इस मंच पर उत्तराखंड को मिला यह सम्मान राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो भविष्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर भी खोलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पुरस्कार उत्तराखंड की समग्र विमानन नीति, बेहतर प्रशासनिक समन्वय और हवाई संपर्क को मजबूत करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिला है और आपदा प्रबंधन व स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि उड़ान योजना के सफल क्रियान्वयन और आधुनिक विमानन अवसंरचना के विकास से उत्तराखंड तेजी से एक उभरते विमानन हब के रूप में स्थापित हो रहा है।

Share This Article