Periods diet tips: पीरियड्स के दौरान सही खानपान क्यों है जरूरी? एक्सपर्ट ने बताई फायदेमंद चीजें

3 Min Read

Periods diet tips:

नई दिल्ली, एजेंसियां। पीरियड्स के दौरान महिलाओं के शरीर में कई तरह के हॉर्मोनल बदलाव होते हैं, जिनका असर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। इस समय पेट: में ऐंठन, कमर दर्द, सिरदर्द, थकान, कमजोरी और मूड स्विंग्स जैसी समस्याएं आम हैं। ऐसे में खानपान का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है। सही डाइट न केवल ऊर्जा बनाए रखती है, बल्कि दर्द और असहजता को भी कम करने में मदद करती है।

एसोसिएट प्रोफेसर के अनुसार

आरएमएल हॉस्पिटल में महिला रोग विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर के अनुसार, पीरियड्स के दौरान आयरन से भरपूर भोजन लेना बेहद फायदेमंद होता है। रक्तस्राव के कारण शरीर में आयरन की कमी हो सकती है, इसलिए हरी पत्तेदार सब्जियां, अनार, चुकंदर और दालों का सेवन करना चाहिए। ये शरीर में खून की कमी को पूरा करने में मदद करते हैं।

कैल्शियम और मैग्नीशियम से भरपूर चीजें भी इन दिनों राहत देती हैं। दूध, दही, बादाम और तिल दर्द और मांसपेशियों की ऐंठन को कम करने में सहायक होते हैं। केला और ओट्स जैसे हल्के और ऊर्जा देने वाले खाद्य पदार्थ शरीर को ताकत देते हैं और कमजोरी दूर करते हैं।सूजन और दर्द से राहत के लिए अदरक या हल्दी वाला दूध फायदेमंद हो सकता है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है, ताकि शरीर हाइड्रेट रहे और सूजन कम हो। सूप और हल्का घर का बना भोजन पाचन में आसान होता है और पेट को आराम देता है।

किन चीजों से करें परहेज?

पीरियड्स के दौरान ज्यादा नमक, तला-भुना और अत्यधिक मसालेदार भोजन से बचना चाहिए, क्योंकि ये सूजन और पेट दर्द बढ़ा सकते हैं। अधिक कैफीन वाली चीजें जैसे कॉफी और कोल्ड ड्रिंक बेचैनी और घबराहट बढ़ा सकती हैं। ज्यादा मीठा खाने से मूड स्विंग्स और थकान में वृद्धि हो सकती है। प्रोसेस्ड फूड और पैकेट स्नैक्स से दूरी रखना बेहतर है।

खुद की देखभाल भी है जरूरी

इन दिनों पर्याप्त आराम, हल्की एक्सरसाइज या वॉक और पूरी नींद बेहद जरूरी है। अगर हर महीने असहनीय दर्द हो या समस्या ज्यादा बढ़ जाए, तो डॉक्टर से सलाह अवश्य लें। शरीर के संकेतों को नजरअंदाज न करें और अपनी सेहत को प्राथमिकता दें।

Share This Article