Western Disturbance impact: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और निम्न दबाव का असर, कई राज्यों में बारिश के आसार

3 Min Read

Western Disturbance impact:

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) ने देश के विभिन्न हिस्सों के लिए आगामी दो सप्ताह का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, दो सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण कई राज्यों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक पहला वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 13 फरवरी से और दूसरा 16 फरवरी से सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 13, 16 और 17 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश के संकेत

मौसम विभाग ने बताया है कि 15 फरवरी को बंगाल की खाड़ी और देश के पूर्वी हिस्सों के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है।19 फरवरी तक तमिलनाडु, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा के आसार हैं। वहीं 19 से 26 फरवरी के बीच तमिलनाडु, केरल, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है।

तापमान में क्षेत्रीय अंतर

आईएमडी के अनुसार, पूर्वी भारत, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से कम रह सकता है। वहीं गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण कर्नाटक में 19 फरवरी तक तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।19 से 26 फरवरी के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर-पूर्वी राज्यों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा सकता है। इसके विपरीत छत्तीसगढ़, केरल, विदर्भ और आंध्र प्रदेश में तापमान सामान्य से कम रहने के आसार हैं।

दिल्ली में मौसम साफ, हवा खराब

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है और एक्यूआई 201 दर्ज किया गया।कुल मिलाकर, आने वाले दो सप्ताह में देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, बर्फबारी और तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहने की संभावना है।

Share This Article
Exit mobile version