O Romeo movie:
मुंबई, एजेंसियां। फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग और गंभीर पहचान बनाने वाले निर्देशक विशाल भारद्वाज तीन साल बाद फिर से बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। उनकी नई रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘ओ’रोमियो’ 13 फरवरी को रिलीज़ हो रही है। फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। दर्शकों को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं, खासकर इसलिए क्योंकि शाहिद और विशाल की जोड़ी पहले भी ‘कमीने’ और ‘हैदर’ जैसी सफल फिल्में दे चुकी है।
हिट-फ्लॉप के बीच मजबूत पहचान
विशाल भारद्वाज का फिल्मी सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। ‘मटरू की बिजली का मंडोला’, ‘रंगून’ और ‘पटाखा’ जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाईं, लेकिन ‘ओमकारा’, ‘मकबूल’, ‘कमीने’, ‘इश्किया’, ‘हैदर’ और ‘सात खून माफ’ जैसी फिल्मों ने उन्हें गंभीर और प्रयोगधर्मी निर्देशक के रूप में स्थापित किया। साल 2002 में ‘मकड़ी’ से निर्देशन की शुरुआत करने वाले विशाल ने अपनी फिल्मों में हमेशा सामाजिक और मानवीय भावनाओं को प्रमुखता दी है।
नेशनल अवॉर्ड्स से सजी उपलब्धियां
अपने करीब दो दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 15 फिल्मों का निर्देशन किया है, जिनमें से कई फिल्मों को राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। ‘मकड़ी’ की श्वेता बासु प्रसाद को नेशनल अवॉर्ड मिला, ‘द ब्लू अंब्रेला’ को बेस्ट फिल्म का सम्मान मिला, ‘ओमकारा’ को स्पेशल जूरी अवॉर्ड और ‘हैदर’ व ‘तलवार’ के लिए उन्हें बेस्ट स्क्रीनप्ले का नेशनल अवॉर्ड मिला।
संगीत भी है खास पहचान
विशाल भारद्वाज की फिल्मों की खासियत उनका संगीत भी है। ‘बीड़ी जलाई ले’ और ‘नमक इश्क’ जैसे गाने आज भी लोकप्रिय हैं। उनकी पत्नी और गायिका रेखा भारद्वाज की आवाज भी अक्सर उनकी फिल्मों में सुनाई देती है।अब सबकी नजर ‘ओ’रोमियो’ पर है कि यह फिल्म उनके करियर में एक और सफल अध्याय जोड़ पाती है या नहीं।







