Virat Kohli Instagram account
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह क्रिकेट नहीं बल्कि सोशल मीडिया है। गुरुवार रात विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक गायब हो गया, जिससे उनके 274 मिलियन फॉलोअर्स हैरान रह गए। जब फैंस ने उनका प्रोफाइल सर्च किया तो अकाउंट कहीं नजर नहीं आया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर सवालों और अटकलों का दौर शुरू हो गया।
अचानक अकाउंट गायब कैसे हुआ?
विराट कोहली इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले क्रिकेटर हैं। ऐसे में बिना किसी पूर्व सूचना के उनका अकाउंट गायब होना फैंस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। खास बात यह है कि कोहली ने इससे पहले न तो कोई पोस्ट किया था और न ही यह संकेत दिया था कि वे सोशल मीडिया से दूरी बनाने जा रहे हैं। इसी कारण फैंस यह समझ नहीं पा रहे हैं कि यह फैसला खुद कोहली का है या फिर इंस्टाग्राम की ओर से कोई कार्रवाई की गई है।
सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स स्क्रीनशॉट शेयर कर दावा कर रहे हैं कि विराट कोहली के भाई विकास कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट भी नजर नहीं आ रहा है। इससे यह आशंका और गहरा गई है कि मामला किसी तकनीकी गड़बड़ी या प्लेटफॉर्म ग्लिच से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, अब तक इंस्टाग्राम या विराट कोहली की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
क्या है मामला?
गौरतलब है कि विराट कोहली टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल सिर्फ वनडे फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे इन दिनों अपने परिवार के साथ लंदन में रह रहे हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने के बाद वे भारत से लंदन लौट गए थे।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विराट कोहली ने खुद अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट या डीएक्टिवेट किया है, या फिर यह किसी तकनीकी समस्या या अस्थायी सस्पेंशन का मामला है। फैंस को अब आधिकारिक सफाई का इंतजार है।


















