Parents death appeal
लखनऊ, एजेंसियां। कानपुर की एक युवती की दर्दनाक आपबीती ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। माता-पिता की मौत के बाद जिस फुफेरे भाई पर भरोसा किया, उसी ने कथित तौर पर न सिर्फ उसके साथ दुष्कर्म किया, बल्कि धोखे से उसका प्लॉट भी बिकवा दिया। जब पीड़िता न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची, तो आरोप है कि पुलिस ने उसे भगा दिया। आखिरकार सोमवार को युवती लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार पहुंची और अपनी पूरी कहानी आंसुओं के साथ बयां की।
प्लॉट बिकवाकर की आर्थिक ठगी, फिर किया दुष्कर्म
पीड़िता, जो कल्याणपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है, ने बताया कि माता-पिता की बीमारी से मौत के बाद वह अपने नाबालिग भाई के साथ अकेली रह गई। इसी दौरान फुफेरे भाई अनिरुद्ध सिंह उर्फ अतुल ने सहारा देने का नाटक किया। भरोसे में लेकर उसने मकान बिकवाया और दूसरे मकान व प्लॉट का झांसा देकर करीब 10 लाख रुपये अपने खाते में डलवा लिए। बाद में आरोपी ने नशे की हालत में छोटे भाई को जान से मारने की धमकी देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया और मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस पर भी गंभीर आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उसने थाने और पुलिस आयुक्त से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जांच कर रहे दरोगा पर आरोपी से एक लाख रुपये रिश्वत लेने और पीड़िता को चौकी से भगा देने का आरोप लगाया गया है। जब उसने दोबारा शिकायत की, तो पुलिस ने कोई मदद नहीं की।
सीएम योगी ने दिया भरोसा
न्याय न मिलने पर युवती मुख्यमंत्री दरबार पहुंची। उसकी बात सुनकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने मामले में पुलिस आयुक्त से जवाब तलब किया है। साथ ही पीड़िता के नाबालिग भाई की मुफ्त शिक्षा, आजीविका के साधन और आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। यह मामला न सिर्फ पारिवारिक विश्वासघात, बल्कि कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।







