Vettuvam: डायरेक्टर पा. रणजीत समेत कई पर केस दर्ज
चेन्नई, एजेंसियां। तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले में फिल्म ‘वेट्टुवम’ की शूटिंग के दौरान हुए हादसे में अनुभवी स्टंटमैन एसएम राजू (मोहन राज) की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना 13 जुलाई को एक खतरनाक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान हुई, जब राजू ऊंचाई से गिर गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। हादसे के बाद फिल्म के निर्देशक पा. रणजीत, स्टंट डायरेक्टर दिलीप सुब्बारायन और अन्य तीन लोगों के खिलाफ लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125 और 289 के तहत मामला दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने फिल्म इंडस्ट्री में सेट पर सुरक्षा उपायों को लेकर बहस छेड़ दी है।
इस हादसे पर तोड़ी चुप्पी
पा. रणजीत ने पहली बार इस हादसे पर चुप्पी तोड़ते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया और इसे “पूरी टीम के लिए दिल तोड़ने वाला” बताया। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था और मोहन राज एक अनुभवी और सम्मानित स्टंट कलाकार थे। उन्होंने लिखा कि “उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।”
प्रोडक्शन टीम ने जताया दुख
प्रोडक्शन टीम ने भी दुख जताते हुए कहा कि मोहन राज के बिना सेट सूना लग रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि हर संभव सावधानी बरती गई थी, फिर भी यह हादसा एक दुर्भाग्यपूर्ण त्रासदी बन गया। फिल्म इंडस्ट्री और फैंस ने इस मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है और सेट पर बेहतर सुरक्षा की मांग की है।
इसे भी पढ़ें
Bollywood: 2 अक्टूबर को बड़े पर्दे पर सिनेमा का महाक्लैश, चार फिल्मों का जोरदार मुकाबला








