Vaibhav Suryavanshi record:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय अंडर-19 टीम के 14 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रन की धमाकेदार पारी खेलकर क्रिकेट इतिहास रच दिया। यह पारी आईसीसी के किसी भी टूर्नामेंट फाइनल (पुरुष, महिला, सभी आयु वर्ग) में अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड ट्रेविस हेड के नाम था, जिन्होंने 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में 174 रन बनाए थे।
इससे पहले टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन पर पहले सवाल उठ रहे थे
वैभव ने इस पारी में 15 चौके और 15 छक्के लगाए। टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन पर पहले सवाल उठ रहे थे, लेकिन फाइनल में उन्होंने सबको मुंहतोड़ जवाब दिया। टूर्नामेंट की शुरुआत में अमेरिका के खिलाफ मात्र 2 रन बनाने के बाद वैभव ने लगातार अर्धशतक और 30+ स्कोर किए, लेकिन फाइनल में उनका खेल चरम पर था।साथ ही वैभव ने अंडर-19 क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने यह कारनामा केवल 71 गेंदों में किया, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के बेन मायेस के नाम था। इसके अलावा, विजय हजारे ट्रॉफी 2025/26 में उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में भी सबसे तेज 150 रन बनाकर एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ा।
वैभव की पारी की खासियत क्या है?
वैभव की पारी की खासियत उनकी परिपक्वता और धैर्य थी। शुरुआती 18 गेंदों में उन्होंने सिर्फ 3 चौके लगाए और इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के खिलाफ धैर्य दिखाया। नौवें ओवर के बाद उन्होंने आक्रामक खेल दिखाया और अगले 17 ओवरों में पांच ओवर ऐसे रहे जिनमें 15 से ज्यादा रन बने।हालांकि डबल सेंचुरी से चूक गए, लेकिन वैभव की यह पारी दर्शाती है कि वह भारतीय क्रिकेट का भविष्य हैं। मैच के बाद इंग्लिश खिलाड़ी खुद जाकर उन्हें बधाई देते नजर आए।

















