Upasna Singh controversy:
मुंबई, एजेंसियां। टीवी शो द कपिल शर्मा शो में ‘पिंकी बुआ’ के किरदार से घर-घर पहचान बनाने वाली अभिनेत्री उपासना सिंह इन दिनों विवादों में घिर गई हैं। उपासना सिंह ने वरिष्ठ अभिनेता दीपक काजिर केजरीवाल पर बदसलूकी और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मनोरंजन जगत में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि यह विवाद 26 जनवरी को आयोजित एक गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान हुआ। वायरल वीडियो में उपासना सिंह मंच पर माइक के जरिए भाषण देती नजर आ रही हैं। इसी दौरान दीपक काजिर उन्हें बीच में रोकने की कोशिश करते हैं और तेज आवाज में बोलते दिखाई देते हैं। इस पर उपासना ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह अभी बोल रही हैं। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे तेज होती चली गई।
पद और वरिष्ठता को लेकर भी हुई बहस
वीडियो में देखा जा सकता है कि बहस के दौरान उपासना सिंह खुद को सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (CINTAA) की जनरल सेक्रेटरी बताते हुए अपना पक्ष रखती हैं। वहीं दीपक काजिर खुद को संगठन का पूर्व सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बताते हुए जवाब देते नजर आते हैं। दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि वहां मौजूद अन्य लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा।
मारपीट और बदतमीजी के लगाए आरोप
उपासना सिंह ने आरोप लगाया कि दीपक काजिर ने कार्यक्रम के दौरान अभिनेता विकास वर्मा के साथ मारपीट की और महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। वायरल वीडियो में उपासना के साथ अभिनेत्री पूनम ढिल्लों भी दिखाई दे रही हैं। इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और कई यूजर्स ने इस घटना पर चिंता भी जताई है।
सिंटा ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन ने इस विवाद की जांच शुरू कर दी है। संगठन का कहना है कि वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस विवाद पर दीपक काजिर की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।यह विवाद मनोरंजन इंडस्ट्री में कलाकारों के बीच बढ़ते मतभेदों और पेशेवर व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े कर रहा है। अब सभी की नजर सिंटा की जांच और संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई है।











