UP Budget 2026
लखनऊ, एजेंसियां। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विधानसभा में यह बजट प्रस्तुत किया। यह सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट है और आकार के लिहाज से अब तक का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है। पिछले साल की तुलना में बजट में करीब 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
10 लाख युवाओं को रोजगार का लक्ष्य
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में 10 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं के जरिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन पर जोर दिया गया है। अब तक लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हस्ताक्षरित हो चुके हैं, जिनसे करीब 10 लाख रोजगार सृजित होने की संभावना है। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश से जुड़ी 16 हजार से अधिक परियोजनाओं पर ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी भी हो चुकी है।
लड़कियों की शादी के लिए एक लाख रुपये
सरकार ने लड़कियों की शादी के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया है। इसके साथ ही महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी बढ़ाने के लिए अलग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
कौशल विकास और डिजिटल उद्यमिता पर फोकस
पीपीपी मॉडल के तहत विभिन्न जिलों में कौशल संवर्द्धन और जॉब प्लेसमेंट केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और नए केंद्र खोले जाएंगे। युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण मिशन मोड में दिया जाएगा। सरकार डिजिटल इंटरप्रेन्योरशिप योजना पर भी काम करेगी। उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए रजिस्ट्रेशन और लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं को और सरल बनाया जाएगा।
एग्री-एक्सपोर्ट हब और औद्योगिक प्रगति
विश्व बैंक सहायता प्राप्त यूपी एग्रीज परियोजना के तहत एग्री-एक्सपोर्ट हब स्थापित किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन विनिर्माण केंद्र बन चुका है, जहां देश के कुल मोबाइल उत्पादन का 65 प्रतिशत हिस्सा तैयार होता है। प्रदेश में 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट इकाइयां स्थित हैं और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 44,744 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
एसडीजी रैंकिंग में सुधार
एसडीजी इंडिया इंडेक्स में प्रदेश की रैंकिंग 2018-19 में 29वें स्थान से सुधरकर 2023-24 में 18वें स्थान पर पहुंच गई है। सरकार का दावा है कि यह बजट निवेश, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर केंद्रित है। विधानसभा चुनाव से पहले पेश किए गए इस बजट को युवाओं, महिलाओं और उद्योग जगत को साधने की बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
