Ravi Pujari arrested: कोरियोग्राफर रेमो डिसूज़ा से रंगदारी केस में अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी गिरफ्तार

2 Min Read

Ravi Pujari arrested:

मुंबई, एजेंसियां। मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को गिरफ्तार कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। रवि पुजारी पर मशहूर बॉलीवुड कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक रेमो डिसूज़ा और उनकी पत्नी लिज़ेल डिसूज़ा को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप है। यह मामला भले ही साल 2018 का हो, लेकिन अब जाकर इस केस में उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की गई है।

कोर्ट ने भेजा पुलिस हिरासत में

रवि पुजारी को गुरुवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने एस्प्लानेड कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 27 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। गौरतलब है कि पुजारी को करीब पांच साल पहले सेनेगल से भारत डिपोर्ट किया गया था और वह पहले से ही जेल में बंद था, लेकिन इस विशेष मामले में गिरफ्तारी अब तक लंबित थी।

50 लाख रुपये की रंगदारी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, सह-आरोपी सत्येंद्र त्यागी के इशारे पर रवि पुजारी ने रेमो डिसूज़ा, उनकी पत्नी और उनके मैनेजर को कई बार धमकी भरे फोन किए। अक्टूबर 2016 से फरवरी 2018 के बीच किए गए इन कॉल्स के जरिए फिल्म ‘डेथ ऑफ अमर’ की रिलीज जल्द कराने का दबाव बनाया गया और मामले को सुलझाने के लिए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।

फिल्म विवाद से जुड़ा है मामला

इस केस की जड़ साल 2018 में बनी फिल्म ‘अमर मस्ट डाई’ से जुड़ी है। रेमो डिसूज़ा और सत्येंद्र त्यागी के बीच फिल्म को लेकर एक समझौता हुआ था, लेकिन बाद में पैसों और अधिकारों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सत्येंद्र त्यागी का दावा था कि उन्होंने फिल्म में निवेश किया था और उन्हें करीब 5 करोड़ रुपये मिलने थे, जो उन्हें नहीं मिले। इसी विवाद के बाद कथित तौर पर अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी की एंट्री हुई।

फिलहाल पुलिस रवि पुजारी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article