UGC NET 2025 result:
नई दिल्ली, एजेंसियां। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2025 परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। यह परीक्षा देशभर में उच्च शिक्षा संस्थानों में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), सहायक प्रोफेसर और पीएचडी प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।
दिसंबर 2025 सत्र की यूजीसी नेट
दिसंबर 2025 सत्र की यूजीसी नेट परीक्षा 31 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 के बीच आयोजित हुई थी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में ली गई और इसमें 85 विषयों को शामिल किया गया। यह परीक्षा देश के 283 शहरों में स्थित 663 केंद्रों पर 11 शिफ्ट में आयोजित की गई थी।परिणाम के साथ ही एनटीए ने कट-ऑफ अंक भी जारी कर दिए हैं। जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए अनारक्षित श्रेणी में सबसे अधिक कट-ऑफ 248 अंक दर्ज किया गया। इसके बाद बौद्ध एवं जैन विषय में 244 अंक और फ्रेंच विषय में 240 अंक कट-ऑफ रहे।
इस परीक्षा में कितने उम्मीदवार थे
इस परीक्षा में 5,141 उम्मीदवार JRF के लिए, 59,821 उम्मीदवार सहायक प्रोफेसर के लिए और 1,17,058 उम्मीदवार पीएचडी प्रवेश के लिए योग्य घोषित किए गए हैं। एनटीए ने मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए उम्मीदवारों को 14 से 17 जनवरी 2026 के बीच प्रश्न पत्र, उत्तर कुंजी और उनके दर्ज उत्तर देखने का अवसर भी दिया था।परिणाम देखने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी, जिसके बाद वे अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
एनटीए के अनुसार
एनटीए के अनुसार, जो उम्मीदवार JRF और सहायक प्रोफेसर दोनों के लिए पात्र पाए गए हैं, उन्हें पोर्टल के माध्यम से पात्रता प्रमाण पत्र और JRF अवॉर्ड लेटर उपलब्ध कराया जाएगा। यह प्रमाण पत्र आगे की शैक्षणिक और शोध गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।










