Ramnagar encounter terrorists:
श्रीनगर, एजेंसियां। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। यह मुठभेड़ रामनगर क्षेत्र के जाफर जंगल में उस समय हुई, जब पुलिस और सेना की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन चला रही थी। अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सोमवार सुबह से ही इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर की गोलीबारी
सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जंगल में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। खुफिया सूत्रों का कहना है कि ये आतंकी पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े हो सकते हैं।इलाके को चारों ओर से घेर लिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है। समाचार लिखे जाने तक मुठभेड़ जारी थी। सुरक्षाबल पूरे इलाके में सतर्कता बरतते हुए ऑपरेशन को आगे बढ़ा रहे हैं।











