Traffic Signal film anniversary: नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्म ‘ट्रैफिक सिग्नल’ के 19 साल पूरे, मधुर भंडारकर ने याद किया सफर

2 Min Read

Traffic Signal film anniversary:

नई दिल्ली, एजेंसियां। फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर की चर्चित और राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित फिल्म ‘ट्रैफिक सिग्नल’ को रिलीज हुए 19 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर मधुर भंडारकर ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म से जुड़ी यादों को साझा किया और कहा कि यह फिल्म आज भी लोगों के दिलों को छूती है। उन्होंने माना कि भले ही वक्त बदल गया हो, लेकिन फिल्म में उठाए गए सामाजिक मुद्दे आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

सोशल मीडिया पर साझा किया इमोशनल नोट

फिल्म की 19वीं वर्षगांठ पर मधुर भंडारकर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में ‘ट्रैफिक सिग्नल’ का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा,
“यह फिल्म उन अनसुनी कहानियों को सामने लाती है, जिन्हें समाज अक्सर नजरअंदाज कर देता है। 19 साल बाद भी इसका सामाजिक संदेश लोगों के दिलों को छूता है।”
उन्होंने फिल्म से जुड़े कलाकारों और पूरी टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि शानदार अभिनय और मेहनती क्रू की वजह से यह कहानी इतनी सशक्त बन पाई।

क्या थी ‘ट्रैफिक सिग्नल’ की कहानी?

साल 2007 में रिलीज हुई ‘ट्रैफिक सिग्नल’ मुंबई के एक चौराहे के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां सिग्नल पर रहने वाले छोटे विक्रेता, भिखारी और हाशिए पर खड़े लोग अपनी जिंदगी जीते हैं। फिल्म में कुणाल खेमू ने सिलसिला नाम के ट्रैफिक सिग्नल मैनेजर की भूमिका निभाई थी। उनके अलावा नीतू चंद्रा, रणवीर शौरी, कोंकणा सेन शर्मा, विनय आप्टे, उपेंद्र लिमये और मनोज जोशी जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाईं। इस फिल्म के लिए मधुर भंडारकर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था।

मधुर भंडारकर की अगली फिल्म

वर्कफ्रंट की बात करें तो मधुर भंडारकर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘द वाइव्स’ पर काम कर रहे हैं। यह फिल्म बॉलीवुड से जुड़ी महिलाओं के छिपे और अनदेखे जीवन पर आधारित होगी, जिसमें सोनाली कुलकर्णी, मौनी रॉय और रेजिना कैसेंड्रा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी।

Share This Article