Cricket controversies in 2025: 2025 साल के ये रहे 5 बड़े क्रिकेट विवाद

4 Min Read

Cricket controversies in 2025

नई दिल्ली, एजेंसियां। साल 2025 क्रिकेट जगत के लिए उतार-चढ़ाव से भरा रहा। मैदान पर रोमांच के साथ-साथ मैदान के बाहर भी कई घटनाएँ सुर्खियों में छाईं। खिलाड़ियों की निजी जिंदगी से लेकर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में उपजे विवादों ने पूरे साल चर्चा का बाजार गर्म रखा। यहां जानिए 2025 के पांच सबसे बड़े क्रिकेट विवाद, जिनकी गूंज लंबे समय तक सुनाई देती रही।

  1. स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी का विवाद
    महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीतने के बाद फैंस स्मृति मंधाना की शादी को लेकर उत्साहित थे। उनकी और बॉयफ्रेंड पलाश मुच्छल की शादी 23 नवंबर को तय थी, लेकिन शादी वाले दिन अचानक स्मृति के पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर आई और शादी टाल दी गई।
    अगले दिन स्मृति ने सोशल मीडिया से शादी की तस्वीरें हटाईं, जिससे अफवाहें और बढ़ीं। 25 नवंबर को मैरी डिकॉस्टा नाम की महिला ने पलाश के साथ हुई चैटिंग के स्क्रीनशॉट साझा किए, जिसमें पलाश फ्लर्ट करते नजर आए। विवाद बढ़ने पर स्मृति और पलाश दोनों ने अपने रिश्ते के टूटने की पुष्टि की। यह मामला 2025 की सबसे चर्चित घटनाओं में रहा।
  2. एशिया कप 2025—भारत-पाकिस्तान हैंडशेक विवाद

पहलगाम आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में हुए भारत-पाकिस्तान मैच में भावनाएं उग्र थीं। भारतीय टीम ने मैच खेला, लेकिन पाक खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। टीम इंडिया का यह रुख सोशल मीडिया से लेकर अंतरराष्ट्रीय फोरम तक चर्चा का विषय बन गया। कई लोगों ने इसे आतंक पर कड़ा संदेश माना, तो कुछ ने इसे स्पोर्ट्समैनशिप के खिलाफ बताया।

  1. एशिया कप 2025 ट्रॉफी विवाद-भारत ने अब तक नहीं ली ट्रॉफी
    एशिया कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को तीनों मुकाबलों में हराया, जिसमें फाइनल भी शामिल था। मैच के बाद सबसे बड़ा विवाद तब पैदा हुआ जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ट्रॉफी लेने से मना कर दिया।
    वे ACC चीफ मोहसिन नकवी जो पाकिस्तान के होम मिनिस्टर भी हैं से ट्रॉफी लेना नहीं चाहते थे। नकवी ट्रॉफी लेकर मंच से हट गए और टीम इंडिया ने बिना ट्रॉफी के ही जश्न मनाया। बाद में नकवी ने फॉर्मल सेरेमनी की मांग की, जिसे BCCI ने खारिज कर दिया। तीन महीने बाद भी भारत को ट्रॉफी नहीं मिली है।
  2. RCB की विजय परेड में दर्दनाक भगदड़
    IPL 2025 में पहली बार ट्रॉफी जीतने के बाद RCB ने बेंगलुरु में विजय परेड आयोजित की। लेकिन खराब भीड़ प्रबंधन के कारण एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हुए और कुछ की जान चली गई। यह घटना खुशी के माहौल को शोक में बदलने वाली साबित हुई और राज्य प्रशासन व BCCI दोनों पर सवाल उठे।
  3. भारत-इंग्लैंड टेस्ट में जडेजा-सुंदर का हैंडशेक विवाद
    इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट में जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने आखिरी दिन इंग्लिश खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। दोनों बल्लेबाज शतक के करीब थे और मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था। इस व्यवहार को लेकर क्रिकेट जगत में काफी आलोचना हुई।
    हालांकि बाद में कहा गया कि खिलाड़ी खेल भावना के खिलाफ नहीं थे, बल्कि अपना व्यक्तिगत माइलस्टोन हासिल करने पर फोकस कर रहे थे। फिर भी विवाद कई दिनों तक चर्चा में रहा।
Share This Article