TMC worker arrest: TMC कार्यकर्ता को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ का हमला, 6 जवान घायल

2 Min Read

TMC worker arrest

कोलकाता, एजेंसियां। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली इलाके में TMC कार्यकर्ता को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने पुलिस की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया है।

मूसा मोल्लाह की गिरफ्तारी पर मचा बवाल

जानकारी के अनुसार नजात पुलिस थाने की टीम शुक्रवार रात संदेशखाली ब्लॉक के बोयरमारी गांव में टीएमसी कार्यकर्ता मूसा मोल्लाह को गिरफ्तार करने गई थी। अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों पर गांव के एक समूह ने हमला किया और पुलिस की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया।

पुलिस टीम पर फेंके पत्थर

घायल छह पुलिसकर्मियों, जिनमें एक अधिकारी भी शामिल है, उनको स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि जब पुलिस टीम मोल्लाह को उसके घर से उठाकर पुलिस की गाड़ी में ले जा रहे थे, तो गांव वालों के एक समूह ने टीम पर पत्थर फेंके, जिससे वे घायल हो गए।

दो TMC नेता हिरासत में

एक अधिकारी ने बताया कि मोल्लाह को इलाके में मछली पालन के लिए जबरन तालाबों पर कब्जा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अतिरिक्त पुलिस बल भेजे जाने और भीड़ को खदेड़ने के बाद आखिरकार उसे पुलिस स्टेशन ले जाया जा सका। अधिकारी ने बताया कि उसके अलावा, भीड़ को उकसाने के आरोप में ग्राम पंचायत प्रधान सहित दो स्थानीय टीएमसी नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है।

Share This Article