Tirupati Laddu controversy: तिरुपति लड्डू विवाद फिर गरमाया, पवन कल्याण का बड़ा दावा- प्रसादम में मिलाई गई थी जानवरों की चर्बी

3 Min Read

Tirupati Laddu controversy:

चेन्नई, एजेंसियां। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम के लड्डू प्रसादम को लेकर विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट में यह साफ किया गया है कि पिछली YSRCP सरकार के कार्यकाल में प्रसादम बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया घी शुद्ध नहीं था और उसमें पाम ऑयल व रसायनों की मिलावट पाई गई थी।

पवन कल्याण का दावा

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण ने इस मामले में एक और गंभीर आरोप जोड़ा है। उन्होंने दावा किया कि लड्डू बनाने में जानवरों की चर्बी का इस्तेमाल किया गया था। गुंटूर जिले के मंगलगिरी में आयोजित जनसेना की जनरल बॉडी बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत होने से बचाने के लिए SIT ने इस तथ्य को पूरी तरह सार्वजनिक नहीं किया।

आस्था से खिलवाड़ का आरोप

पवन कल्याण ने कहा कि तिरुमला जैसे पवित्र स्थल पर प्रसादम की शुद्धता से समझौता किया गया, जो अत्यंत गंभीर अपराध है। उन्होंने आरोप लगाया कि YSRCP नेताओं ने पैसों के लालच में नियम बदले और घटिया गुणवत्ता का घी खरीदा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अच्छे तिल के तेल की कीमत 400 रुपये प्रति किलो है, तो सस्ते दाम पर शुद्ध घी कैसे खरीदा गया।

विपक्ष पर दुष्प्रचार का आरोप

पवन कल्याण ने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, बल्कि जनता को सच्चाई बताना है। उन्होंने आरोप लगाया कि YSRCP नेता डर और झूठ के जरिए राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी व्यवहार के कारण पार्टी 151 सीटों से घटकर 11 सीटों पर सिमट गई।

सोशल मीडिया पर भी दी नसीहत

सोशल मीडिया पर बात करते हुए पवन कल्याण ने कहा कि केवल सोशल मीडिया चुनाव नहीं जिताता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर ट्रोलिंग ही जीत तय करती, तो डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति नहीं बनते।

जनसेना संगठन को मजबूत करने की तैयारी

पवन कल्याण ने पार्टी की 32 सदस्यीय अनुशासन समिति के गठन की घोषणा की और कहा कि पार्टी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। साथ ही 14 मार्च को मनाए जाने वाले जनसेना स्थापना दिवस के लिए विशेष योजनाओं की तैयारी शुरू कर दी गई है।

Share This Article