The Paradise movie poster:
हैदराबाद, एजेंसियां। साउथ सिनेमा के “नेचुरल स्टार” नानी की मच-अवेटेड फिल्म द पैराडाइज को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर इसकी रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। यह फिल्म अब 21 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज डेट के साथ एक नया और इंटेंस पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसने फैंस के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है।पोस्टर में दो लंबी गूंथी हुई चोटियां दिखाई देती हैं, जिनके सिरों से खून टपकता नजर आता है। डार्क बैकग्राउंड और रहस्यमय विजुअल यह संकेत देते हैं कि फिल्म की कहानी गंभीर और एक्शन से भरपूर होने वाली है। यह पहली झलक दर्शकों को फिल्म के टोन और माहौल का अंदाजा देती है।
‘दसरा’ के बाद फिर साथ आई हिट जोड़ी
इस फिल्म का निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले दसरा जैसी सफल फिल्म बनाई थी। ‘दसरा’ की सफलता के बाद नानी और श्रीकांत ओडेला की जोड़ी एक बार फिर बड़े प्रोजेक्ट के साथ लौट रही है। यही वजह है कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई है।
निर्देशक ने पोस्टर साझा करते हुए कहा कि वह फिल्म को जल्दबाजी में रिलीज नहीं करना चाहते और इसे सही तरीके से दर्शकों के सामने पेश करने के लिए समय लेना जरूरी है।
आठ भाषाओं में होगी रिलीज
एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी यह फिल्म बड़े पैमाने पर रिलीज की जाएगी। ‘द पैराडाइज’ तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, इंग्लिश और स्पेनिश सहित कुल आठ भाषाओं में दर्शकों के सामने आएगी।दमदार स्टारकास्ट, बड़े स्केल और इंटेंस कहानी के संकेतों के साथ यह फिल्म 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हो चुकी है। फैंस को अब इसके ट्रेलर और बाकी अपडेट्स का इंतजार है।






