Lalbaugcha Raja:
मुंबई,एजेंसियां। गणेश चतुर्थी से पहले ही मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा की पहली झलक सामने आ चुकी है और भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस साल बप्पा का स्वरूप और भी भव्य और राजसी नजर आ रहा है। 2025 में लालबागचा राजा की मूर्ति को शाही अंदाज में सजाया गया है, जिसमें गणपति के हाथ में चक्र, सिर पर आकर्षक मुकुट और बैंगनी रंग की धोती दिखाई दे रही है। बप्पा का दुपट्टा भी खास है, जिस पर शंख और भगवान बालाजी के तिलक की आकृति उकेरी गई है, जो भगवान विष्णु की नाड़ियों इड़ा और पिंगला का प्रतीक मानी जाती है।
तिरुपति बालाजी की थीम
इस बार मंडप को भगवान तिरुपति बालाजी की थीम पर सजाया गया है, जो एक स्वर्ण महल जैसा प्रतीत होता है और इसे विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। यह लालबागचा राजा मंडल का 92वां गणेशोत्सव है, जिसकी स्थापना पहली बार 1934 में की गई थी। तब यह इलाका मछुआरों की बस्ती था और स्थानीय लोगों की स्थायी बाजार की मांग पूरी न होने पर उन्होंने बप्पा की मूर्ति स्थापित कर मन्नत मांगी थी, जो पूरी हुई। तभी से हर साल यहां भव्य उत्सव मनाया जाता है। इस बार भी लाखों भक्तों के उमड़ने की उम्मीद है। गणेश चतुर्थी 27 अगस्त को मनाई जाएगी, लेकिन लालबागचा राजा की पहली झलक ने ही माहौल को भक्तिमय बना दिया है।
इसे भी पढ़ें







