Road Accident:
मुंबई, एजेंसियां। महाराष्ट्र के भिवंडी शहर की बदहाल सड़कों ने फिर एक जान ले ली है। वंजारपट्टी नाका इलाके में सड़क के उबड़-खाबड़ हिस्से और कंक्रीट व पेवर ब्लॉक के बीच बने असमतल गैप की वजह से दोपहिया वाहन फिसल गया, जिससे 58 वर्षीय डॉक्टर मोहम्मद नसीम अंसारी की मौत हो गई। वे अपने घर लौट रहे थे, तभी मध्यरात्रि को सिराज अस्पताल के सामने उनकी एक्टिवा स्कूटी फिसली और पीछे से आ रहे कंटेनर के पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोग गुस्से में, किया प्रदर्शन
हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। नागरिकों ने भारी वाहनों की आवाजाही बंद करने की मांग को लेकर रास्ता रोककर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कंटेनर चालक मोहम्मद बिलाल को हिरासत में ले लिया है।
प्रशासन पर उठे सवाल
भिवंडी में खराब सड़क और गड्ढों के कारण अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। पहले दो हादसों में निर्दोष लोग मारे गए थे, अब डॉक्टर की मौत ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को तब तक जागना नहीं होगा जब तक और जान नहीं जाती।
खराब सड़कों की समस्या गंभीर
डॉक्टर नुरुद्दीन अंसारी ने कहा कि यह सड़क हादसे आम बात हो गए हैं और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से तत्काल इस समस्या को सुलझाने की मांग की है।
पहले भी हो चुकी हैं दो मौतें
20 जुलाई को यश राजेश मोर नामक युवक बाइक सहित गड्ढे में गिरा था, गंभीर रूप से घायल हुआ था और 10 दिन बाद उसकी मौत हो गई। वहीं 15 अगस्त को रेहमान अली शेख भी गड्ढे में गिरने के बाद ट्रक की चपेट में आकर मारा गया था। पुलिस ने इस घटना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नागरिकों का आक्रोश बढ़ा, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
यह घटना पूरे भिवंडीवासियों में भय और आक्रोश का माहौल बना रही है, जिससे इलाके में यातायात व सड़कों की हालत सुधारने की मांग तेज हो गई है।
इसे भी पढ़ें
Road accident Hazaribagh: हजारीबाग में सड़क हादसा, रांची-पटना रोड जाम








