Telangana voter list revision:
हैदराबाद, एजेंसियां। तेलंगाना में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) सी. सुदर्शन रेड्डी ने बताया कि इस अभियान का आधिकारिक कार्यक्रम अप्रैल-मई 2026 के दौरान घोषित किया जा सकता है। इसे लेकर चुनाव आयोग ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ-स्तर के एजेंटों के साथ बैठक भी की है।
अधिकारियों ने क्या कहा?
बैठक के दौरान चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों से हर पोलिंग स्टेशन के लिए कम से कम एक बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि BLA स्थानीय क्षेत्र का ही होना चाहिए ताकि वह बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम कर सके। आयोग का मानना है कि मजबूत बूथ-स्तरीय व्यवस्था से मतदाता सूची की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में देश के 12 राज्यों में SIR की प्रक्रिया चल रही है, जबकि तेलंगाना समेत अन्य राज्यों में इसकी तैयारी जारी है। सीमित समय में रिवीजन प्रक्रिया पूरी करने के लिए आयोग ने पहले से ही प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
SIR अभियान के दौरान BLO का क्या होगा रोल?
SIR अभियान के दौरान BLO प्रत्येक पोलिंग क्षेत्र में तीन से चार बार दौरा करेंगे। पहले चरण में घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित किए जाएंगे, जबकि बाद के दौरों में उन परिवारों तक पहुंच बनाई जाएगी जो पहले संपर्क में नहीं आ सके। जिन मतदाताओं का विवरण प्रारंभिक चरण में दर्ज नहीं हो पाएगा, उन्हें भी इस प्रक्रिया के दौरान अपनी जानकारी देने का अवसर मिलेगा।
चुनाव आयोग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बने।








